भारत

राहुल गांधी के खिलाफ थाने में अनुराग ठाकुर, बांसुरी स्वराज और हेमांग जोशी ने दर्ज कराई शिकायत – Utkal Mail

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा सांसदों को धक्का मार कर घायल करने की घटना पर पार्टी के सांसदों बांसुरी स्वराज एवं हेमांग जोशी के साथ संसद मार्ग थाने में जाकर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत शिकायत दर्ज कराई है। 

शिकायत दर्ज कराने के बाद ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी और इनके नेताओं द्वारा आज संसद में बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना को अंजाम दिया गया। कांग्रेस और राहुल गांधी को क़ानून के उल्लंघन की आदत है। अहंकारी राहुल गांधी ख़ुद को क़ानून से ऊपर समझते हैं। आज हमने राहुल गांधी के खिलाफ मारपीट और उकसावे की शिकायत दर्ज कराई है जहां हमने संसद भवन के मकर द्वार के बाहर आज हुई घटना का विस्तार से उल्लेख किया है, जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और राहुल गांधी ने उन्हें धक्का देकर घायल कर दिया, जिसके चलते भाजपा के दो सांसद अस्पताल में भर्ती हैं। 

ठाकुर ने कहा, “हमने राहुल गांधी के खिलाफ धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत शिकायत दी है। इनको कानून के उल्लंघन की आदत है। हत्या के कोशिश की धाराओं में शिकायत दी है। बीएनएस की धारा 109 के तहत शिकायत दी गई है। घटना के बाद भी राहुल गांधी का आहंकार नहीं टूटा और वो बिना सांसदों से मिले निकल गए। राहुल गांधी अपने आप को कानून से ऊपर समझते हैं” 

उन्होंने कहा “ कांग्रेस खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने वाली मानसिकता में है। राहुल गांधी का यह व्यवहार न केवल गैर-जिम्मेदाराना है। बल्कि संसदीय गरिमा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला भी है। ये वही राहुल गांधी हैं जो अपनी ही सरकार में अपनी ही सरकार के अध्यादेश को फाड़ देते हैं। ये वही कांग्रेस है जिसने बाबा साहब आंबेडकर का बार-बार अपमान किया। कांग्रेस और बाकी साथी दल हर दिन प्रदर्शन करते हैं। आज भाजपा के सांसद प्रदर्शन करने पहुंचे तो राहुल गांधी और उनके सांसद जबरदस्ती वहां घुसकर शारीरिक प्रदर्शन करने लगे।” 

ठाकुर ने कहा, “हम शांतिपूर्ण तरीके से कांग्रेस के झूठ को बेनकाब कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी इंडी गठबंधन के सांसदों के साथ उस ओर कूच करते हैं, जब सुरक्षाकर्मी उनको कहते हैं, उस पर राहुल गांधी ने गुस्सा प्रकट किया। राजग के सांसदों के बीच में दलबल के साथ वो कूच कर गए, उन्होंने अपने साथियों को भी उकसाया। वो दुर्भावना पूर्ण रवैये के साथ आगे बढ़े। उन्हें पता था, चोट लग सकती है। मुकेश राजपूत उस धक्के में सिर के बल गिरे, प्रताप चंद्र सारंगी जी का सिर फट गया है। शारीरिक हमला और उकसाने का काम राहुल गांधी ने किया है। राहुल गांधी ने जो रास्ता तय किया, उस पर नहीं गए। दलबल का प्रयोग किया, अपने साथियों को उकसाया, जिससे दो सांसदों को गंभीर चोटें लगी हैं। ” 

आज सुबह संसद भवन परिसर में भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर बाबासाहेब के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और ‘बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘कांग्रेस पार्टी माफ़ी माँगो’ , ‘गांधी परिवार माफ़ी माँगो’, ‘संविधान के हत्यारों माफ़ी मांगो’ के नारे लगाये। 

ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी का बार-बार अपमान किस तरह नेहरू-गांधी परिवार ने किया, इतिहास इसका साक्षी है। जो नेहरू जी, अंबेडकर जी को चुनाव हराने के लिए स्वयं पहुँच गये थे आज उन्हीं की चौथी पीढ़ी को बाबा साहेब की फोटो लेकर घूमना पड़ रहा है। कांग्रेस संविधान और बाबा साहेब का नाम लेकर झूठ और भ्रम फैला रही है, लेकिन सच्चाई ये है की कांग्रेस ने हमेशा भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के योगदान को नज़रअंदाज़ ही किया है। 

जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने खुद को भारत रत्न से सम्मानित किया, राजीव जी को कांग्रेस सरकार में भारत रत्न मिला लेकिन डाॅ. अंबेडकर को उनके निधन के बाद भी भारत रत्न नहीं दिया। बाबा साहेब अंबेडकर को भारत रत्न से तब सम्मानित किया गया जब जनता दल की सरकार भाजपा के समर्थन से सत्ता में थी। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने बाबा साहब को उनका उचित सम्मान दिया है। मोदी जी ने मऊ, नागपुर, मुंबई, दिल्ली और लंदन में पंच तीर्थ का निर्माण किया, संविधान दिवस मनाना शुरू किया और उनकी जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। बाबा साहेब के प्रति कांग्रेस की घृणित मानसिकता ने कांग्रेस का चेहरा बेनक़ाब कर दिया है।”

ये भी पढ़ें- 


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button