भारत

Lok Sabha Election Results 2024: भारत की 18वीं लोकसभा में 25 मुस्लिम नेता बने सांसद, पिछली बार से घट गए इतने एमपी – Utkal Mail

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव, 2024 के नतीजे अब सबके सामने है। चार सौ पार का दम भरने वाली भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा अकेले अपने दम पर बहुमत से 30 सीटें पीछे है। उसे 240 सीटें मिली हैं। हालांकि एनडीए गठबंधन को 291 सीटें मिली हैं और उसने सरकार बनाने का दावा किया है। 

वहीं, विपक्षी इंडिया गठबंधन 239 सीटों के साथ काफी मज़बूती के साथ उभरा है। इंडिया गठबंधन से भी सरकार बनाने की बातें सामने आ रही हैं। देश की 18वीं लोकसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की जेडीयू और आंधप्रदेश के चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी किंग मेकर बनकर उभरी है।  राजनीतिक गलियारों में चर्चा ये भी है कि इंडिया गठबंधन ने नितीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू से संपर्क किया और उन्हें गठबंधन के साथ आने का न्योता दिया है। 

चुनाव के ये नतीजे देश की राजनीति के लिए बड़ा उलटफेर माने जा रहे हैं। इस बीच अगर हम मुस्लिम राजनीतिक और प्रतिनिधियों के निर्वाचन पर नज़र डालें तो 18वीं लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व घट गया है। 17वीं लोकसभा में जहां 27 मुस्लिम सांसद पार्लियामेंट पहुंचे थे। इस बार 18वीं लोकसभा में 25 सांसद चुने गए हैं। यानी पीएम मोदी के राजनीतिक उत्कर्ष के बीच भी संसद में मुस्लिम प्रतिनिधित्व इस बार से अधिक रहा है। 

इस बार 18वीं लोकसभा के लिए जो मुस्लिम सांसद चुने गए हैं। उनमें यूपी के कैराना से इक़रा हसन, रामपुर से मोहिबुल्लाह, संभल से ज़ियाउर्रहमान बर्क़, गाज़ीपर से अफ़ज़ाल अंसारी, सहारनपुर से  इमरान मसूद शामिल हैं। इस तरह यूपी से पांच मुस्लिम सांसद, संसद पहुंचे हैं। इसके अलावा बंगाल की जंगीपुर से सीट से खलीलउर्रहमान, बहरामपुर से क्रिकेटर यूसुफ पठान, मुर्शिदाबाद से अबू ताहिर खान, बहशीरहट से नूरूल इस्लाम, उलूबेरिया से सज्जाद अहमद, माल्दाह दक्षिण से ईशा खान चौधरी एमपी बने। 

हैदराबाद से असदुद्दीन उवैसी, जम्मू कश्मीर के अनंतनाग से राजौरी से मियां अल्ताफ अहमद, श्रीनगर से अगा सय्यद रूहुल मेंहदी, अब्दुल राशिद शेख निर्वाचित हुए हैं। बिहार के किशनगंज से मुहम्मद जावेद संसद पहुंचे हैं। असम से दो सांसद चुने गए हैं। इसमें धुबरी से रकीबुल हसन और करीमगंज से हाफिज राशिद अहमद चौधरी सांसद बने हैं। 

कर्नाकट की बेंगलुरू सेंट्रल से मंसूर अली खान और केरला की वदकारा से शफी पारामबिल, मल्लापुरम से ईटी मुहम्मद बशीर और पोन्नानी  से डॉ.एमपी अब्दुस्समद सांसद बने हैं। लद्दाख से मुहम्मद हनीफा, लक्ष्यदीप से मुहम्मद हमीदुल्ला सैयद और तमिलनाडु से नावास्कानी सांसद बने हैं।

ये नाम संसद पहुंचने वाले मुस्लिम जनप्रतिनिधियों के हैं, जो देश के विभिन्न राज्यों से निर्वाचित हुए हैं। हालांकि साल 2014 में 22 मुस्लिम ही संसद पहुंचे थे। अगर और पीछे चलकर देखें तो साल 1952 के चुनाव में 11 मुस्लिम सांसद लोकसभा पहुंचे थे। जबकि 1957 में 19, 1962 में 20 और 1967 में 25 मुस्लिम लोकसभा पहुंचे थे। वहीं, 1971 में 28, जबकि 1980 में सर्वाधिक 49 मुस्लिम सांसद बने थे। इसके अलावा 1984 में 42 और 2004 में 34 मुस्लिम सांसद बने थे। वहीं, वर्ष 2009 में 30 मुस्लिम नेता लोकसभा पहुंचे थे।

ये भी पढे़ं- सरकार गठन से पहले आज होगी राजग की बैठक, नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू भी होंगे शामिल

 

 


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button