पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार, प्रार्थना सभा में शामिल हुए हजारों लोग, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि – Utkal Mail

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को वेटिकन सिटी स्थित सेंट पीटर्स स्क्वायर में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। इस दौरान राष्ट्रपति के साथ आए भारतीय शिष्टमंडल में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डीसूजा भी उपस्थित रहे।
दरअसल, पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हुआ था। वह 88 वर्ष के थे। लगभग 1,300 वर्षों में कैथोलिक चर्च के वह पहले गैर-यूरोपीय पोप थे। राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू वेटिकन सिटी के सेंट पीटर्स स्क्वायर में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं।’’ राष्ट्रपति मुर्मू भारत सरकार और लोगों की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर वहां पहुंची थीं।
इसके तुरंत बाद, उन्होंने सेंट पीटर्स के बेसिलिका में पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित की थी। भारत ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की थी। शनिवार को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और बड़ी संख्या में कैथोलिक अनुयायी शामिल हुए। कैथोलिक चर्च के सबसे बड़े धर्मगुरु पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार शनिवार को बड़े ही सम्मान और भावुक माहौल में हुआ है।
यह भी पढ़ें:-पहलगाम हमले में मारे गये लोगों को अखिलेश यादव ने बताया ”शहीद” कहा- सरकार के फैसलों के साथ पूर देश खड़ा है