World Police & Fire Games 2029: भारत को मिली विश्व पुलिस और फायर खेल की मेजबानी, 2029 गुजरात में होंगे आयोजन – Utkal Mail

अहमदाबाद। भारत को 2029 23वें विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल की मेजबानी मिली हैं। जिसका आयोजन गुजरात राज्य के अहमदाबाद, एकता नगर और गांधीनगर में किया जायेगा। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा ‘गुजरात के लिए गर्व का क्षण! भारत ने बर्मिंघम, यूएसए में डब्ल्यूपीएफजी फेडरेशन के समक्ष एक व्यापक बोली प्रस्तुति के बाद अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर में 2029 विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों (डब्ल्यूपीएफजी) की मेजबानी के लिए बोली जीत ली है। यह वैश्विक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाती है और अहमदाबाद को भारत की खेल राजधानी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
विश्व पुलिस और फायर खेल 2029 भारत में गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर (केवडिया) में होंगे जिसमें 10000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। ये खिलाड़ी 70 देशों के पुलिस, अग्निशमन, कस्टम और सुधार सेवा विभागों के होंगे । इन खेलों की 1985 में शुरूआत के बाद भारत इनकी मेजबानी करने वाला पहला दक्षिण एशियाई देश होगा।
बर्मिंघम में पिछले रविवार को डब्ल्यूपीएफजी की संचालन ईकाई कैलिफोर्निया पुलिस एथलेटिक महासंघ के सामने भारत ने अंतिम बार अपनी दावेदारी पर अपना पक्ष रखा जिसके बाद यह घोषणा की गई। प्रदेश सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘भारत अब कनाडा, आस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, चीन और अमेरिका जैसे देशों में शामिल हो गया है जिन्होंने इन खेलों की मेजबानी की है।’ भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा भी व्यक्त कर चुका है और अहमदाबाद ही मुख्य मेजबान होगा।
ये भी पढ़े : क्रिकेटर रिंकू सिंह के BSA बनने पर संशय, सामने आई ये बड़ी वजह