भारत

Delhi News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह सालों से अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को वापस भेजा – Utkal Mail

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पिछले छह साल से राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को वापस उसके देश भेज दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने बताया, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में रह रहे अवैध अप्रवासियों की जांच के हमारे विशेष अभियान के दौरान हमें 28 वर्षीय महिला के बारे में पता चला। वह विदेशी अधिनियम का उल्लंघन करते हुए मुंबई और दिल्ली में रह रही थी।’’ 

अधिकारी ने कहा कि महिला बांग्लादेश के नरैल सदर उपजिला के सिंगशोलपुर गांव की रहने वाली है और वह बिना किसी जरूरी दस्तावेज के भारत में रह रही थी। उसकी पहचान करने और उसे निर्वासित करने का अभियान दिल्ली पुलिस की स्वापक नियंत्रण रोधी इकाई द्वारा चलाया गया। दिल्ली पुलिस ने पहले राष्ट्रीय राजधानी में एक अभियान के दौरान 1,500 से अधिक बांग्लादेशी अप्रवासियों की पहचान की थी और दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने अवैध रूप से रहने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। 

उपराज्यपाल सचिवालय द्वारा हाल में बांग्लादेशी अप्रवासियों के खिलाफ अभियान का आदेश देने के बाद दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों की पहचान करने की मुहिम शुरू की गई थी। राष्ट्रीय राजधानी के 15 जिलों में थानों से कई टीम ने संदिग्ध बांग्लादेशी अप्रवासियों की पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड की जांच को लेकर दिल्ली में झुग्गी झोपड़ी वाले इलाकों और कालिंदी कुंज, शाहीन बाग, हजरत निजामुद्दीन एवं जामिया नगर का दौरा किया था। 

दिल्ली के उपराज्यपाल सचिवालय ने मुख्य सचिव एवं पुलिस प्रमुख को राष्ट्रीय राजधानी में रह रहे ऐसे अप्रवासियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए दो महीने का विशेष अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। 

ये भी पढ़ें- पत्नी और बेटे की चाकू घोंपकर हत्या, माता-पिता पर किया हमला…खुद भी जान देने की कोशिश


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button