भारत

आर्मस्ट्रांग हत्याकांड में दो और लोग गिरफ्तार , 5 जुलाई को घर के सामने हुई थी हत्या  – Utkal Mail

चेन्नई। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की पांच जुलाई को हुई हत्या के सिलसिले में एक वकील समेत दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इसके साथ ही इस मामले में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए लोगों में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तमिल मनीला कांग्रेस के वकील और पदाधिकारी तथा द्रमुक के एक पदाधिकारी का पुत्र शामिल है। 

विज्ञप्ति में बताया गया कि मामले को सुलझाने के लिए गठित विशेष टीमों ने गुरुवार देर रात वकील शिवा (35) को गिरफ्तार किया। विस्तृत जांच के बाद कल देर रात एक और व्यक्ति प्रदीप (28) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

उल्लेखनीय है कि आर्मस्ट्रांग की पांच जुलाई की रात को उत्तरी चेन्नई के सेम्बियम में उनके पेरम्बूर स्थित घर के सामने छह सदस्यीय गिरोह ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि यह हत्या पिछले साल अगस्त में शहर में हिस्ट्रीशीटर अर्काट सुरेश की हत्या की अगली कड़ी थी। पुलिस ने हत्या के तुरंत बाद 11 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें सुरेश का भाई भी शामिल है। तीन और लोगों को 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था , जिसमें अन्ना द्रमुक की महिला पदाधिकारी एवं अधिवक्ता मलारकोडी सेकर (जिन्हें पार्टी से तुरंत निकाल दिया गया), तमिल मनीला कांग्रेस (जिन्हें भी पार्टी से निकाल दिया गया) और सतीश (द्रमुक पदाधिकारी का बेटा) शामिल है। अगले दिन पुलिस ने उत्तरी चेन्नई में भाजपा महिला मोर्चा की निष्कासित पदाधिकारी अंजलाई नामक महिला को गिरफ्तार किया और इसके बाद तिरुवल्लूर पश्चिम जिले में अन्ना द्रमुक के कदंबथुर पंचायत थर्ड वार्ड के पार्षद हरिधरन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि शिवा और प्रदीप की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या 18 हो गई है।

ये भी पढ़ें -जम्मू कश्मीर: डोडा हमले में शामिल तीन आतंकवादियों के स्केच जारी, इनाम घोषित


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button