खेल

UP T20 League: कानपुर के समीर रिजवी की आतिशी बल्लेबाजी से हारा मेरठ मेवरिक्स – Utkal Mail


कानपुर, अमृत विचार। ग्रीनपार्क में खेले जा रहे यूपी टी-20 लीग मैच में शुक्रवार को कांटे का संघर्ष देखने को मिला। मेरठ मेवरिक्स का मजबूत स्कोर उसे जीत नहीं दिला सका। कानपुर सुपर स्टार के समीर रिजवी की आतिशी पारी ने 7 विकेट से टीम को दिलाई जीत । 122 रनों की पारी खेलने के लिए उन्हें मैन आफ द मैच दिया गया। वहीं मैच में मेरठ के स्वास्तिक चिकारा का नाबाद 100 रनों का स्कोर भी टीम के काम नहीं आ सका।  

बदले हुए समय के अनुसार शुरू हुए पहले मुकाबले में कानपुर सुपर स्टार और मेरठ मेवरिक्स के बीच मैच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर कानपुर ने पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। वहीं मेरठ ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 205 रनों का टारगेट दिया। टीम की ओर से शोएब सिद्दीकी और स्वास्तिक मैदान में उतरे। दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। लेकिन छठवें ओवर की पांचवी गेंद पर प्रशांत ने शोएब सिद्दीकी को 29 रन बनाकर पवेलियन लौट दिया। टीम ने तबतक 58 रनों का स्कोर बना लिया था।

वहीं बल्लेबाजी करने आए मेरठ के कप्तान माधव कौशिक 12 रन ही बना सके। आकिब खान की गेंद पर लगाए गए शॉट पर गली में राहुल राजपाल ने कैच ले लिया। तीसरे विकेट के लिए स्वास्तिक व रिंकू सिंह के बीच 79 रनों की पार्टनशिप हुई। मैच के सैकेंड लास्ट ओवर में अंकित राजपूत ने रिंकू सिंह को क्लीन बोल्ड कर दिया। और वे 42 रनों पर वापस लौट गए। टीम के स्वास्तिक चिकारा ने 57 गेंदों पर 3 छक्के औप 13 चौके लगाकर नाबाद 100 रनों की पारी खेली। दिव्यांश जोशी ने नाबाद 17 रन बनाए। मेरठ ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपर स्टार की टीम ने लीग की सबसे धमाकेदार पारी खेली। लेकिन कानपुर को पहला झटका शुरूआती ओवर में ही लग गया। राहुल राजपाल को मेरठ के कुनाल यादव ने बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया।  अपना पहला मैच हार चुकी कानपुर के दर्शक थोडी देर के लिए खामोश हो गए। खिलाड़ियों ने संभलकर खेलना चालू किया। 13 वें ओवर में अंश यादव का कैच छूटकर उन्हें जीवनदान मिला। लेकिन उसी ओवर की तीसरी गेंद पर छक्के के लिए शॉट मारा लेकिन हवा में हो गया और दिव्यांश जोशी ने कैच पकड़ कर उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी। तबतक अंश यादव व समीर रिजवी ने टीम के लिए 129 रनों की साझेदारी कर ली थी।

तीसरे विकेट के लिए अक्शदीप नाथ ने समीर रिजवी का साथ दिया और दोनों ने मिलकर 69 रनों की साझेदारी की। लेकिन 19वें ओवर में अक्षय सैन की गेदबाजी का सामना नहीं कर सके और समीर के शॉट पर पूर्णाक ने कैच लपक लिया। लेकिन समीर ने तबतक 11 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 122 रन बनाकर टीम को जीत के मुहाने पर लाकर खडा कर दिया। अंत में टीम को जीत के लिए एक रन की आवश्यकता थी जिसपर अक्षय सैन की गेंद पर संदीप तोमर ने छक्का मार कर मैच जिता दिया। औप नाबाद 7रन बनाए। वहीं अक्शदीप नाथ ने नाबाद 25 रनों की पारी खेली।

यह भी पढ़ें:-UP IAS Transfer: यूपी में कई आईएएस अफसरों के हुए तबादले, आलोक सिंह बने कानपुर देहात के डीएम


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button