बिहार में ''वित्तीय अराजकता'' के लिए जिम्मेदार है NDA सरकार, RJD का आरोप- मुख्यमंत्री सरकारी धन से कर रहें अपनी पार्टी का प्रचार – Utkal Mail

पटना। बिहार में विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राज्य में भ्रष्टाचार को “संस्थागत” बना देने और साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रचार अभियान के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
राजद ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य में “वित्तीय अराजकता” के लिए जिम्मेदार है। राजद नेता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘नीतीश कुमार बिहार में भ्रष्टाचार को संस्थागत बना देने के लिए जिम्मेदार हैं…मुख्यमंत्री अपनी पार्टी के प्रचार अभियान के लिए राज्य सरकार के धन का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कल्याणकारी उपायों के बारे में महिलाओं से जुड़ने और उन्हें जागरूक करने के लिए हाल में शुरू की गई ‘महिला संवाद’ पहल, ‘‘सरकारी धन का उपयोग करके’’ जनता दल (यूनाइटेड) के चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा है।
विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल ने इसके लिए 225 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। राज्य सरकार अपने प्रचार के लिए जनता के पैसे का इस्तेमाल कर रही है…राज्य की महिलाओं के लिए जमीनी स्तर पर कुछ भी ठोस काम नहीं हुआ है, लेकिन प्रचार के लिए करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं।’’
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों के लिए ‘‘वैश्विक निविदाओं’’ को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। राजद नेता ने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल ने दिसंबर 2024 से राज्य में निर्माण गतिविधियों के लिए 76,622 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी। हैरानी की बात है कि पहली बार सरकार ने इस तरह के काम के लिए वैश्विक निविदाएं जारी की हैं… वैश्विक निविदाएं जारी करने का क्या कारण था?’’
यादव ने दावा किया, ‘‘इसके अलावा, हमने देखा है कि संपर्क सड़कों के बिना पुलों का निर्माण किया गया है, कई इमारतें बनकर तैयार हैं लेकिन संबंधित विभाग कब्जा नहीं ले रहे हैं, (नये) अस्पताल भवन में उपकरण या डॉक्टर नहीं हैं, हर घर नल का जल योजना पर कई करोड़ रुपये खर्च किए गए लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।’’
यह भी पढ़ें:-मुर्शिदाबाद के धुलियान पहुंचीं महिला आयोग की अध्यक्ष, हिंसा पीड़ितों से की मुलाकात, बोलीं मजूमदार- किसी ने पति तो किसी ने खोया बेटा