भारत

2024 चुनाव से पहले बड़ा झटका, AIADMK ने भाजपा से चार साल पुरानी दोस्ती तोड़ी, NDA से बाहर निकली  – Utkal Mail


चेन्नई। भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने चार साल पुराने गठबंधन को समाप्त करने का ऐलान करते हुए ऑल इण्डिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने सोमवार को घोषणा की कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए एक अलग मोर्चे का नेतृत्व करेगी।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर निकलने का फैसला यहां अन्नाद्रमुक मुख्यालय में पार्टी प्रमुख ई के पलानीस्वामी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक में किया गया। इस फैसले पर खुशी जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां मुख्यालय के बाहर पटाखे चलाए। हाल ही में अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेताओं ने नयी दिल्ली में भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा से मुलाकात की थी और उन्हें भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के अन्नामलाई की राजनीति की आक्रामक शैली से बनी राज्य की जमीनी स्थिति से अवगत कराया था।

अन्नाद्रदमुक नेताओं ने मांग की थी कि मशहूर द्रविड़ हस्ती दिवंगत सी एन अन्नादुरै पर टिप्पणी को लेकर अन्नामलाई माफी मांगें या उन्हें पद से हटा दिया जाए। आज की बैठक में हुए विचार-विमर्श के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता के पी मुनुसामी ने कहा कि पार्टी ने राजग से अलग होने और अगले साल होने वाले चुनाव में समान विचारधारा वाले दलों के गठबंधन का नेतृत्व करने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया है।

स्वीकार किए गए संकल्प में किसी का नाम लिए बिना कहा गया है कि भाजपा का राज्य नेतृत्व हाल ही में पार्टी की नीतियों की आलोचना करने के साथ ही मशहूर द्रविड़ हस्ती दिवंगत सी एन अन्नादुरै और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता को बदनाम कर रहा है।

अन्नाद्रमुक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई के बयानों को लेकर नाराज थी और अन्नादुरै के बारे में उनके हालिया बयानों से दोनों दलों के बीच दरार पैदा हो गई थी। अन्नाद्रमुक की इस बैठक में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ ही जिला सचिवों और विधायकों एवं सांसदों ने हिस्सा लिया।

यहां पार्टी मुख्यालय में पटाखे चलाए जाने के बीच, मुनुसामी ने कहा कि सर्वसम्मति से किए गए इस फैसले में दो करोड़ से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं एवं आकांक्षाओं का सम्मान किया गया है। अन्नाद्रमुक के आधिकारिक हैंडल के साथ ही समर्थकों ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस संबंध में कई पोस्ट किए जिसमें ‘‘धन्यवाद, कृपया दोबारा नहीं आएं’’ हैशटैग के साथ संदेश पोस्ट किए।

इस पोस्ट को भाजपा के लिए झिड़की माना जा रहा है। वरिष्ठ नेता डी जयकुमार ने पिछले हफ्ते यह कहते हुए भाजपा के साथ गठबंधन समाप्त कर दिया था कि वह पार्टी के रुख को स्पष्ट कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- NDA में वापसी की अटकलों पर नीतीश ने बताया बकवास, भाजपा ने किया पलटवार 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button