लोकसभा ने फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को दी बधाई, कहा- यह पहली बार है… – Utkal Mail

नई दिल्ली। मंगलवार को लोकसभा ने फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली भारतीय शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, इस प्रतियोगिता में उपविजेता रहीं भारतीय खिलाड़ी कोनेरू हम्पी की भी प्रशंसा की गई। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने दिव्या की उपलब्धि को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “दिव्या इस खिताब को जीतने वाली पहली भारतीय महिला शतरंज खिलाड़ी हैं और भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर बनी हैं। हमें गर्व है कि फाइनल में दोनों भारतीय खिलाड़ी थीं। हम दोनों को हार्दिक बधाई देते हैं।”
बिरला ने आगे कहा, “दिव्या देशमुख की यह उपलब्धि देशवासियों, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।” 19 वर्षीय दिव्या ने सोमवार को अपने से कहीं अधिक अनुभवी हमवतन कोनेरू हम्पी को टाईब्रेकर में हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ उन्होंने न केवल यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अपने नाम किया, बल्कि ग्रैंडमास्टर का खिताब भी हासिल किया, जो टूर्नामेंट की शुरुआत में असंभव प्रतीत हो रहा था। दिव्या भारत की चौथी और विश्व की 88वीं महिला ग्रैंडमास्टर बन गई हैं।
यह भी पढ़ेः IND VS PAK: एशिया कप को लेकर हंगामा, क्या खेल मंत्रालय लगा पाएगा मुकाबले पर रोक, जानें पूरी कहानी