भारत

Assembly Bypolls 2023: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, इस दिन होगी वोटों की गिनती – Utkal Mail


Assembly Bypolls 2023: छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरु हो गया है। यह चुनाव भाजपा के खिलाफ ‘इंडिया’ अलायंस के लिए पहली चुनावी परीक्षा माना जा रहा है। उपचुनाव में विपक्षी दलों का गठबंधन उत्तर प्रदेश के घोसी, झारखंड के डुमरी, त्रिपुरा के धनपुर और बॉक्सानगर के साथ उत्तराखंड के बागेश्वर निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त चुनाव लड़ रहा है।

वहीं, गठबंधन में शामिल पार्टियां पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी।  उत्तर प्रदेश की घोसी सीट समाजवादी पार्टी (SP) के विधायक और ओबीसी नेता दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया और वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे भी वोट डाल सकेंगे। रिणवा के मुताबिक, उपचुनाव के लिए 239 मतदान केंद्र और कुल 455 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस उपचुनाव में 4.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिनमें 2.31 लाख पुरुष, 1.99 लाख महिलाएं और नौ अन्य शामिल हैं। घोसी उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। रिणवा ने बताया कि मतदान पर करीबी नजर रखने के लिए आयोग ने एक सामान्य प्रेक्षक, एक व्यय प्रेक्षक और एक पुलिस प्रेक्षक भी तैनात किया है। 

इसके अलावा, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो जोनल मजिस्ट्रेट और 110 माइक्रो पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है। रिणवा के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि मतदान के पर्यवेक्षण के लिए मतदेय स्थलों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को दी गई है। इस उपचुनाव को उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी दलों के गठजोड़ ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के बीच पहली चुनावी भिड़ंत के तौर पर देखा जा रहा है। 

घोसी विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव राज्य में विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के गठन और पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रभावशाली मानी जाने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राजग में शामिल होने के बाद हो रहा पहला चुनाव है। घोसी से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और अन्य पिछड़ा वर्ग के नेता दारा सिंह चौहान के गत जुलाई में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे देने और भाजपा में शामिल होने के बाद इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। 

झारखंड में डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
गिरिडीह (झारखंड)। झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि 373 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है, जिनमें से लगभग 200 की पहचान नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों के रूप में की गई है। अधिकारी के मुताबिक, डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट शाम पांच बजे तक पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि डुमरी उपचुनाव में 1.44 लाख महिलाओं सहित 2.98 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं और वे तीन निर्दलीय सहित कुल छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

अधिकारी के अनुसार, डुमरी में निष्पक्ष एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए झारखंड सशस्त्र पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के साथ-साथ होम गार्ड की तैनाती की गई है। डुमरी से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक और राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था। महतो साल 2004 से राज्य विधानसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। झामुमो ने महतो की पत्नी बेबी देवी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी से यशोदा देवी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा रही हैं। वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने मोहम्मद अब्दुल मोबीन रिजवी को टिकट दिया है। अधिकारी के मुताबिक, डुमरी में वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।  

केरल में पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू 
तिरुवनंतपुरम। केरल के कोट्टायम जिले के पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। 

चांडी का इस साल 18 जुलाई को निधन हो गया था। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक कोट्टायम जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को चुनाव मैदान में उतारा है। विश्लेषक इस कदम को पूर्व मुख्यमंत्री की मृत्यु के बाद सहानुभूति लहर को भुनाने की एक स्पष्ट रणनीति के रूप में देख रहे हैं। 

वहीं, सत्तारूढ़ वाम मोर्चे ने एक बार फिर डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस पर भरोसा जताया है, जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं दर्ज पाए थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी. लिजिनलाल को टिकट दिया है। पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,76,417 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 90,281 महिलाएं, 86,132 पुरुष और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 

ये भी पढ़ें- आदित्य एल-1 की पृथ्वी की कक्षा से संबंधित दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी,  इसरो ने दिया अपडेट


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button