भारत

हरियाणा विधानसभा चुनाव: टिकट न मिलने पर भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा ने छोड़ी पार्टी – Utkal Mail

चंडीगढ़। हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर रतिया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लक्ष्मण दास नापा ने पार्टी छोड़ दी है। सत्तारूढ़ दल भाजपा द्वारा चुनावों के लिए 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के कुछ ही देर बाद नापा ने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख मोहन लाल बडोली को लिखे पत्र में कहा कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।

रतिया से पार्टी ने सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को मैदान में उतारा है। दुग्गल को इस बार सिरसा संसदीय क्षेत्र से पुन: टिकट नहीं दिया गया था। इस साल संसदीय चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर को इस सीट से लोकसभा चुनावों में उतारा गया था। 

हालांकि, तंवर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा से हार गए थे। भाजपा ने हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के अलावा पार्टी में हाल में शामिल हुए कई नेताओं को टिकट दिए हैं। 

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य तीसरी बार चुनाव जीतना है लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है। सैनी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा का चेहरा हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव पांच अक्टूबर को होने हैं और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।   

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर सर्राफा डकैती कांड: एनकाउंटर में एक लाख एक लाख का इनामियां बदमाश मंगेश यादव ढेर


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button