भारत

धन शोधन मामला: ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन को लिखा पत्र, कही ये बात  – Utkal Mail

रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र-सह-समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने सोरेन (48) से कहा है कि वह इस मामले में जांच अधिकारी को अपनी सुविधानुसार तारीख, स्थान आदि के बारे में सूचित करें ताकि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जा सके। 

ईडी ने मुख्यमंत्री से 31 दिसंबर तक जवाब मांगा है और ऐसा नहीं करने पर वह धन शोधन रोधी कानून के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। सोरेन को जारी किया गया यह सातवां समन है और वह कभी ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए हैं। उन्हें पहला समन 14 अगस्त को पेश होने के लिए जारी किया गया था। मुख्यमंत्री ने उच्चतम न्यायालय और फिर झारखंड उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर ईडी की कार्रवाई से सुरक्षा मांगी थी। उन्होंने समन को “अनुचित” बताया था। हालांकि दोनों अदालतों ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। 

सोरेन ने उच्च न्यायालय में दावा किया था कि समन दुर्भावना से प्रेरित हैं और झारखंड में राजनीतिक अनिश्चितता तथा अशांति पैदा करने के उद्देश्य से उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। ईडी के अनुसार, यह जांच झारखंड में “माफिया द्वारा भूमि के स्वामित्व में अवैध तरीके से बदलाव” से संबंधित है। एजेंसी ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं। रंजन पूर्व में राज्य समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत थे। 

ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी आज जालना-मुंबई वंदे भारत ट्रेन सेवा को दिखाएंगे हरी झंडी


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button