बाराबंकी : मंडलायुक्त और आईजी ने सावन मेले की तैयारियों का लिया जायजा – Utkal Mail

बाराबंकी, अमृत विचार : लोधेश्वर महादेव मंदिर में सावन मेले की तैयारियों का मंगलवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल और पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त और आईजी ने जलाभिषेक के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने मोटी बल्लियां और पतली जाल लगाने का निर्देश दिया।
अभरण सरोवर पर जल की उपलब्धता की जानकारी ली। सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत पोलों पर सुरक्षा कवच लगाने के निर्देश दिए गए। करंट से बचाव के लिए विद्युत विभाग को एक्सपर्ट टीम के साथ सतर्क रहने को कहा गया। स्नान घाटों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कॉरिडोर की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान डीएम शशांक कुमार त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजय वर्गीय ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कमिश्नर और आईजी ने डीएम और एसपी सहित विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर जनमानस के कल्याण की मंगल कामना की। निरीक्षण के दौरान एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ अवधेश कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़खंड शशिकांत सिंह, एसडीएम विवेकशील यादव, सीओ गरिमापंत आलोक पाठक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को सुविधाएं और स्थानीयों को मिलेगा रोजगार : मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। मंडलायुक्त ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। सावन मास में सोमवार को विशेष रूप से विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। जिला प्रशासन ने मेले की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को कुछ खामियां मिली हैं। इन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा होते ही कॉरिडोर के विकास कार्य को गति दी जाएगी। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें:- गोंडा : सर्किट हाउस में आबकारी राज्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक, बोले धर्म परिवर्तन करना है आतंकवाद