विदेश

स्टारबक्स कॉर्पोरेशन को खराब बिक्री और बहिष्कार के कारण 11 अरब अमेरिकी डॉलर का हुआ नुकसान  – Utkal Mail

ह्यूस्टन (अमेरिका)। सिएटल स्थित स्टारबक्स कॉर्पोरेशन को खराब बिक्री और उसके उत्पादों का बहिष्कार किए जाने के बाद करीब 11 अरब डॉलर का नुकसान हुआ जिससे कंपनी का कुल मूल्य 9.4 प्रतिशत घट गया है। स्टारबक्स के शेयर में 8.96 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो लगभग 11 अरब अमेरिकी डॉलर के नुकसान के बराबर है। स्टारबक्स वर्कर्स यूनाइटेड के एक ट्वीट के बाद कंपनी मुश्किल में आ गई थी और उसके उत्पादों का बहिष्कार शुरू हो गया। 

श्रमिक संघ उसके कई बरिस्ता का प्रतिनिधित्व करता है और उन्होंने गाजा में जारी हिंसक संघर्ष में फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता व्यक्त की है। एक उद्योग विश्लेषक ने कहा,  गाजा पट्टी पर इज़राइल की आक्रामकता के बीच जारी बहिष्कार से असंतोष की लहर कंपनी के भविष्य के लिए एक चुनौतीपूर्ण संकेत है। स्टारबक्स के शेयर में लगातार 12 कारोबारी सत्रों में गिरावट आई है। 1992 में कंपनी के सार्वजनिक होने के बाद से कभी लगातार इतने दिन कंपनी के शेयर में गिरावट का सामना नहीं किया। शेयर वर्तमान में 115 अमेरिकी डॉलर के अपने वार्षिक उच्च स्तर से नीचे करीब 95.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। 

कंपनी वैश्विक मुद्दों के बीच अपनी ब्रांड प्रतिष्ठा बनाए रखने की चुनौती का सामना कर रही है। विश्लेषकों के साथ हालिया बातचीत में स्टारबक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मण नरसिम्हन ने कहा था कि वह कंपनी के विविध चैनल व व्यापक आर्थिक चुनौतियों और बदलते उपभोक्ता व्यवहार के बावजूद ग्राहकों को जोड़ने की क्षमता के बारे में आशावादी बने हुए हैं। मिस्र में स्टारबक्स ने कथित तौर पर बहिष्कार से आर्थिक रूप से प्रभावित होने के बाद नवंबर के अंत में कई कर्मचारियों को निकाल दिया क्योंकि वह खर्चों में कटौती करने को मजबूर है। 

 

अमेरिका सेना ने ऑस्प्रे विमान के पूरे बेड़े को संचालन से बाहर किया 
अमेरिकी सेना ने अपने सभी ऑस्प्रे वी-22 हेलीकॉप्टरों को संचालन से बाहर करने की घोषणा की है। उसने जापान के तट पर एक दुर्घटना में वायु सेना के विशेष अभियान कमान के आठ सदस्यों की मौत होने के एक सप्ताह बाद यह फैसला लिया है। पिछले सप्ताह हुई दुर्घटना की प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि विमान में कुछ गड़बड़ी हो गयी थी और यह चालक दल की गलती नहीं थी। इसके बाद वायु सेना, नौसेना और मरीन कोर ने बुधवार को सैकड़ों विमानों को संचालन से बाहर करने का असाधारण कदम उठाया है। इस दुर्घटना ने ऑस्प्रे की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑस्प्रे के साथ अपेक्षाकृत कम सेवाकाल में कई जानलेवा दुर्घटनाएं हुई हैं। जापान ने इस हादसे के बाद ऑस्प्रे के अपने 14 विमानों के बेड़े को संचालन से बाहर कर दिया है।

वायु सेना ने कहा कि उसे यह नहीं पता कि विमान को कब तक संचालन से बाहर रखा जाएगा। उसने कहा कि जांच में जापान में हुए हादसे की वजह का पता चलने तक विमानों को खड़ा रखने की उम्मीद है। अमेरिका निर्मित ऑस्प्रे एक हाइब्रिड विमान है जो हेलीकॉप्टर की तरह उड़ान भरता और उतरता है। यह विमान उड़ान के दौरान अपने प्रोपेलर को आगे की ओर घुमा सकता है और हवाई जहाज की तरह बहुत तेजी से उड़ान भर सकता है। ऑस्प्रे से जुड़ी कई दुर्घटनाएं हुई हैं। अगस्त में ऑस्ट्रेलिया में हुई एक दुर्घटना में तीन मरीन की मौत हो गयी थी। इस हादसे की जांच अब भी जारी है। 

ये भी पढ़ें : यूक्रेन से भागकर रूस पहुंचे पूर्व यूक्रेनी सांसद की गोली मारकर हत्या 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button