विदेश

सूडान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन की वापसी, अधिकारियों के पूर्ण सहयोग की उम्मीद   – Utkal Mail

संयुक्त राष्ट्र। सूडान में संयुक्त राष्ट्र एकीकृत संक्रमण सहायता मिशन ने स्थानीय समयानुसार गुरुवार को सूडान से अपनी वापसी पूरी कर ली। सूडान में संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बताया कि देश में चल रहे संघर्ष में सहायता प्रदान करने के लिये संयुक्त राष्ट्र की ओर से चलाये गये मिशन को पूरा कर लिया गया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के मुख्य प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक बयान में गुरुवार को कहा कि सूडान में संयुक्त राष्ट्र एकीकृत संक्रमण सहायता मिशन (यूनीटैम्स) को पूरा कर लिया गया है। 

उन्होंने बताया कि गुटेरेस ने मिशन के दौरान सूडान के लोगों के प्रति उनके समर्पण और सेवा के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय यूनिटैम्स कर्मियों की सराहना की है। प्रवक्ता ने कहा कि महासचिव को एक मार्च को मिशन की परिसमापन प्रक्रिया यथासंभव सुचारू और तेजी से पूरी करने के लिए सूडानी अधिकारियों के पूर्ण सहयोग की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सूडान में जारी संघर्ष कानून के शासन तथा नागरिकों की सुरक्षा को और भी कमजोर कर रहा है, साथ ही पूरे देश और क्षेत्र को खतरे में डाल रहा है। गुटेरेस ने संघर्षरत पक्षों से अपने हथियार डालने और व्यापक-आधारित शांति वार्ता के लिए प्रतिबद्ध होने का आह्वान किया, जिससे नागरिक नेतृत्व वाले लोकतांत्रिक परिवर्तन की बहाली हो सके। 

सूडान के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के निजी दूत रामताने लामामरा ने मध्यस्थता प्रयासों के समर्थन में अपना काम शुरू कर दिया है। इस संबंध में निरंतर अंतरराष्ट्रीय समर्थन अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रवक्ता ने कहा, गुटेरेस ने सूडानी अधिकारियों से इस अत्यंत आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अपना सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सूडानी अधिकारियों के अनुरोध पर यूनीटैम्स के जनादेश को समाप्त करने के लिए एक दिसंबर, 2023 को एक प्रस्ताव अपनाया। गौरतलब है कि सूडानी सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के बीच युद्ध छिड़ने के बाद से यूनीटैम्स और सूडान के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। 

ये भी पढे़ं : उम्मीद है कि भारत की अध्यक्षता में क्वाड की प्रगति बरकरार रहेगी : व्हाइट हाउस 

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button