भारत

राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस को बताया संविधान विरोधी, कहा- हिंदुस्तान में अडानी-अंबानी बेचते हैं चीन का माल – Utkal Mail

महू। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर कड़ा हमला करते हुए सोमवार को कहा कि इनकी विचारधारा संविधान विरोधी है और वे इसे खत्म करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ती रहेगी। 

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के महू में सोमवार को ‘जै बापू, जै भीम जै संविधान रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुस्तान में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस है जो संविधान को मानती है और इसके लिए लड़ रही है। दूसरी तरफ भाजपा आरएसएस है जो संविधान के खिलाफ हैं, इसे कमजोर करते हैं और खत्म करना चाहते हैं। संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, इसमें हिंदुस्तान की हजारों साल पुरानी सोच है। इसमें अंबेडकर जी, महात्मा गांधी जी, भगवान बुद्ध, फुले जी जैसे महापुरुषों की आवाज है।” 

आरएसएस पर संविधान पर सीधा हमला करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- हिंदुस्तान को 15 अगस्त, 1947 को आजादी नहीं मिली, वो झूठी आजादी थी।’ ये सीधा संविधान पर आक्रमण है। भाजप ने लोकसभा से पहले भी संविधान को खत्म करने की बात कही थी, इन्होंने कहा था कि अगर 400 सीटें आ गईं तो संविधान बदल देंगे। लेकिन उनके सामने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता व कार्यकर्ता खड़े हुए। नतीजा ये हुआ कि लोक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संविधान के आगे माथा टेकना पड़ा। याद रखिए जिस दिन संविधान खत्म हो गया, उस दिन देश के गरीबों के लिए कुछ नहीं बचेगा।” 

उन्होंने मीडिया को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, “ये जो मीडिया के लोग कैमरा लिए घूम रहे हैं- ये आपके नहीं हैं, ये अडानी-अंबानी का मीडिया है। आप भूखे मर जाएं, आपके बच्चे भूखे मर जाएं, किसान आत्महत्या कर लें लेकिन मीडिया को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, ये अडानी-अंबानी की शादी दिखाएंगे। ये मीडिया वाले उनके हैं, उनकी नौकरी करते हैं। ये कभी हिंदुस्तान के किसानों-मजदूरों, बेरोजगार युवाओं की बात नहीं करेंगे। मीडिया में अफगानिस्तान और पाकिस्तान की बात होगी लेकिन हिंदुस्तान के किसानों और मजदूरों की बात नहीं होगी। ये लोग हिंदुस्तान को डराने में लगे हैं कि देखो अफगानिस्तान में क्या हो रहा है लेकिन ये नहीं बताएंगे कि हिंदुस्तान में क्या हो रहा है।”

कांग्रेस नेता ने कहा , “आजादी से पहले देश में गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के पास कोई अधिकार नहीं थे। सिर्फ राजा-महाराजाओं के पास अधिकार थे। आजादी के बाद संविधान बना तो देश में सभी को अधिकार मिले। भाजपा आरएसएस के लोग आजादी के पहले जैसा हिंदुस्तान चाहते हैं जहां लोगों को कोई अधिकार न हों सिर्फ अडानी- अंबानी जैसे अरबपतियों के पास सारे अधिकार हों। 

भाजपा आरएसएस चाहती है कि गरीब चुप रहें, भूखे मर जाएं, कोई सपना न देखें और हिंदुस्तान को अरबपति चलाएं। नरेंद्र मोदी दो-तीन अरबपतियों को सारे कांट्रेक्ट दे देते हैं। आज अडानी-अंबानी जैसे लोगों को हिंदुस्तान का पूरा धन सौंपा जा रहा है। संविधान में कहां लिखा है कि हिंदुस्तान का धन अडानी के हवाले कर देना चाहिए। संविधान में लिखा है-हिंदुस्तान के सभी नागरिक एक समान है, सभी को अपना भविष्य बनाने का मौका मिलना चाहिए।” 

उन्होंने कहा कि यहां अरबपति अपने बच्चों की शादी में हजारों करोड़ रुपए खर्च कर देते हैं लेकिन आपको अपने बच्चों की शादी के लिए कर्ज लेना पड़ता है। पीएम मोदी ने अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है लेकिन देश के किसान, मजदूर और छात्रों का पैसा माफ नहीं किया। आप लोग जीएसटी देते हैं, मेहनत आप करते हैं और हिंदुस्तान में चीन का माल अडानी-अंबानी बेचते हैं। 

यह भी पढ़ेः Kaushambi Police: अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने पर कौशांबी पुलिस को मिला ISO Certificate, जानिए क्या बोले एसपी


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button