भारत

यूपी के लिए गेम चेंजर साबित हुए हैं योगी आदित्यनाथ : उपराष्ट्रपति – Utkal Mail

ग्रेटर नोएडा/लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कैसे वर्णन किया जाए, देश का सबसे बड़ा राज्य उनके गतिशील शासन में फल-फूल रहा है। योगी जी इस राज्य के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित हुए हैं और इससे देश को काफी मदद मिल रही है। मैं उनके 24×7 कार्य करने की विशेष शैली से अभिभूत हूं।

यह बातें बुधवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2024 के शुभारंभ के अवसर पर कहीं। इससे पहले उप राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ यहां बने विभिन्न हॉल में लगाए गये स्टालों का अवलोकन किया। साथ ही मणिदीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

उप राष्ट्रपति ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोजन में आकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न स्टॉल का अवलोकन करने पर ऐसा लगा कि वह दुनिया के सबसे विकसित देश में हैं। उन्होंने कहा, ”यह आयोजन प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों तथा दुनियाभर के बायर्स को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान करता है। इतने विचारशील, दूरदर्शी और व्यावहारिक सोच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं।”

वियतनाम सही जगह पर है, यहां सर्वश्रेष्ठ लोगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा

उप राष्ट्रपति ने इस बात को लेकर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण में दक्षिण एशिया में प्रभावशाली जीडीपी वाला देश वियतनाम ‘भागीदार देश’ के रूप में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि वियतनाम को इस बात के लिए आश्वस्त होना चाहिए कि वह ‘सही जगह’ पर है क्योंकि वे यहां ‘सर्वश्रेष्ठ लोगों’ से जुड़ सकते हैं। हम भारत और यूपी के साथ-साथ वियतनाम की समृद्ध संस्कृति का भी अनुभव यहां प्राप्त कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच समानता अद्भुत है। अपने अनूठे स्वाद के लिए प्रसिद्ध वियतनामी व्यंजनों का लुत्फ यूपी और देश भर के आगंतुक यहां उठा सकते हैं। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ाने के लिए फायदेमंद होंगे। यह पीएम मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व है कि उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलंद किया है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और यहां आने वाला हर कोई अपने साथ खुशी के पल की अनुभूति लेकर जाएगा। 

यूपी तेजी से बन रहा ‘उद्यम प्रदेश’

उप राष्ट्रपति ने कहा कि पूरे देश को इस आयोजन के बारे में जानकारी होनी चाहिए। संसद टीवी के जरिए इसका प्रदर्शन होना चाहिए। प्रदर्शनी के जरिए प्रदेश की तकनीकी, सांस्कृतिक संपदा, एक जिला-एक उत्पाद आदि को दर्शाया जा रहा है। उप राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कार्यों के क्रियान्वयन का तालमेल बेजोड़ है। इसमें भ्रष्टाचार और अकुशलता के लिए कोई जगह नहीं है। सीएम योगी के निरंतर प्रयासों से यूपी तेजी से ‘उद्यम प्रदेश’ बन रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुशासन के लिए फ्रंट फुट पर खेल रहे हैं

उप राष्ट्रपति ने कहा कि भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता होने पर गर्व है, लेकिन हम बीच में कहीं खो गए थे, हालांकि अब हमने इसे फिर से गति दी है। इससे अधिक संतोषजनक कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुशासन के लिए फ्रंट फुट पर खेल रहे हैं। एक दशक आर्थिक स्थिति लड़खड़ा रही थी, लेकिन वर्तमान में 360 डिग्री का बदलाव बेहतरी का संदेश है और यह दुनियाभर के लिए निवेश का पसंदीदा वैश्विक गंतव्य बन चुका है।

उद्घाटन समारोह में जीतन राम मांझी, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राकेश सचान, स्वतंत्रदेव सिंह, संजय निषाद, दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री बृजेश सिंह, जसवंत सैनी, सांसद महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, एक्सपो मार्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सहित देश-प्रदेश से आए उद्यमी, हस्तशिल्पी, एग्जीबिटर्स, बायर्स आदि मौजूद रहे। 

70 देशों का होगा प्रतिभाग, 4 लाख फुटफॉल की संभावना

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रक्षा, कृषि, ई-कॉमर्स, आईटी, जीआई, शिक्षा, अवस्थापना, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, डेयरी उद्योग आदि के 25 सौ स्टॉल लगाए गये हैं। एमएसएमई क्षेत्र को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इस ट्रेड शो का आयोजन लगातार दूसरे साल किया जा रहा है। इस वर्ष यूपीआईटीएस में 70 देशों का प्रतिभाग और 4 लाख फुटफॉल की संभावना है। इसके अतिरिक्त यूपीआईटीएस में खादी के परिधानों का फैशन शो और कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जाएगा। ट्रेड शो में प्रदेश के निर्यातकों, ओडीओपी और महिला उद्यमियों का प्रतिभाग बड़े स्तर पर हो रहा है। इससे छोटे उद्यमियों को ग्लोबल शोकेस मिलेगा।

यह भी पढ़ें: गर्मी के प्रकोप से राहत दिलायेगा यह अभियान, नेपाल से लेकर भारत तक इस रास्ते पर लगाये जायेंगे बोधि वृक्ष


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button