भारत

भाजपा का कटाक्ष, मुख्यमंत्री आवास का दौरा भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए AAP का नाटक  – Utkal Mail

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर आरोप लगाया कि वे ‘‘शीश महल’’ से जुड़े ‘‘भ्रष्टाचार और अनियमितताओं’’ से ध्यान भटकाने के लिए बंगले का दौरा करने का नाटक कर रहे हैं जबकि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। इससे पहले दिन में आप नेता संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने सिविल लाइंस स्थित बंगले में जाने से रोक दिया था। इसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सवाल किया, ‘‘आप नेता संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज पहले शीशमहल क्यों नहीं गए?’’ 

संजय सिंह ने रविवार को भाजपा को मीडियाकर्मियों के साथ ‘‘शीशमहल’’ और प्रधानमंत्री आवास जाने की चुनौती दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास को ‘‘राज महल’’ कहा। सचदेवा ने आरोप लगाया, ‘‘आप नेता नाटक कर रहे हैं और शीशमहल (छह, फ्लैगस्टाफ रोड, जहां अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री के तौर पर रह रहे थे) के निर्माण में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पहले शीशमहल दिखाने के बारे में क्यों नहीं सोचा और अब जब प्रशासन आदर्श आचार संहिता से बंधा हुआ है, तो वहां जाने पर जोर क्यों दे रहे हैं?’’ 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को आवंटित एबी 17 मथुरा रोड बंगले का दौरा किया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘जब आतिशी को यह बंगला आवंटित किया गया था, तो वह दूसरा बंगला क्यों मांग रही हैं?’’ आतिशी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आवंटन रद्द करके उनसे मुख्यमंत्री का बंगला छीन लिया। पीडब्ल्यूडी के अनुसार, आतिशी निर्धारित समय-सीमा के भीतर परिसर का कब्जा लेने में विफल रहीं।

पीडब्ल्यूडी के पत्र में कहा गया है, ‘‘आवंटी कई अनुरोधों/पत्राचार के बावजूद और बंगले के लिए (रहने के लिए परिसर के सुरक्षित होने संबंधी) प्रमाणपत्र जारी करने के बाद भी 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगले का भौतिक कब्जा लेने में विफल रहीं। इस मामले में, तीन महीने बाद भी कब्जा नहीं लिया गया।’’ पीडब्ल्यूडी ने मुख्यमंत्री को आधिकारिक उपयोग के लिए दो अन्य बंगले भी देने की पेशकश की है। सचदेवा ने कहा, ‘‘आतिशी को लोगों को बताना चाहिए कि उन्होंने तीन महीने के भीतर फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले का कब्जा क्यों नहीं लिया और अब दावा कर रही हैं कि उनका आवंटन रद्द कर दिया गया है।’’ 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आतिशी खुद एबी 17 मथुरा रोड स्थित बंगले में नहीं रहती थीं । उन्होंने उनसे यह स्पष्ट करने को कहा कि वहां कौन रहता था। उन्होंने सवाल किया, ‘‘यह वही बंगला है, जिसमें 1998 से 2004 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शीला दीक्षित रहती थीं। आतिशी इसमें क्यों नहीं रह सकतीं?’’ सचदेवा ने आरोप लगाया कि आप नेता प्रधानमंत्री आवास पर सवाल उठाकर “ओछी राजनीति” कर रहे हैं, ताकि ‘‘शीशमहल’’ को मिली बदनामी से ध्यान भटकाया जा सके।

ये भी पढ़ें- ‘शीश महल’ विवाद: AAP नेता सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह को CM आवास में नहीं मिला प्रवेश, धरने पर बैठे


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button