धर्म

Diwali Dhanteras 2024: जायके के साथ सेहत का ध्यान रखेंगे बर्तन, धनतेरस के लिए सज गया राजधानी के विभिन्न इलाकों का बाजार – Utkal Mail


लखनऊ, अमृत विचार: पीतल का कुकर देख कर बाजार में मौजूद ग्राहक दंग रह गये। कास्ट आयरन से तैयार अप्पे बनाने वाला बर्तन लोगों में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बर्तन बाजार में इस बार स्टील और अन्य मेटल वाले बर्तनों के साथ ही पीतल और तांबे वाले बर्तनों की धूम मची हुई है। तांबे के बर्तनों को खूब पसंद किया जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार विशेष रंग और डिजाइन वाले ये बर्तन लोगों में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है लोग जायके के साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो गये हैं। खाना बनाने और परोसने के लिए लोग ऐसे बर्तनों का खरीदने में दिलचस्पी ले रहे हैं, जो स्वाद के साथ उनकी सेहत का भी ख्याल रखे।

प्रमुख बाजारों में रौनक

29 अक्टूबर को धनतेरस के अवसर को देखते हुए राजधानी के बाजारों में बर्तनों की चमक नजर आने लगी है। धनतेरस में सबसे अधिक भीड़ यहियागंज बाजार में होती है। इसके अलावा इंदिरा नगर, गोमती नगर, अलीगंज, आईटी चौराहा, डंडइिया बाजार, आलमबाग, भूतनाथ मार्केट, कृष्णा नगर के बर्तन बाजार जगमगा रहे हैं। बाजार में इस बार पीतल का प्रेशर कुकर लोगों में आकर्षण का केंद्र है। इसकी कीमत तकरीबन 4,800 रुपये का है। तीन लीटर से पांच लीटर वाले कुकर बाजार में मौजूद हैं। इसके अलावा पीजा और केक मेकर वाली कढ़ाई विशेष है। इस बर्तन के माध्यम ये पीजा और केक गैस पर भी बनाये जा सकेंगे। इसके लिए ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी। 2,975 रुपये वाले इस बर्तन को भी लोग पसंद कर रहे हैं।

एक बर्तन में तैयार कर सकते हैं कई डिश

कारोबारी नीलेश अग्रवाल बताते हैं कि अब लोग एल्युमीनियम मेटल की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। तांबा और पीतल के बर्तन पसंद किए जा रहे हैं। मल्टी स्कैन पैन खूब डिमांड में है। 1,875 रुपये वाले इस पैन में एक साथ कई सारे आइटम बनाये जा सकेंगे। स्टील का नान स्टिक तवा का विशेष डिजाइन के साथ उतारा गया है। इसमें दोसा, चिल्ला या कोई भी अन्य आइटम पकाने पर वह चिपकेगा नहीं बल्कि उसे आसानी से चुटकियों में बनाया जा सकेगा।

कुक एंड सर्व कुकर की खास डिजाइन इसे बनाती है अलग

कुक एंड सर्व कुकर बाजार में इस बार खास बना है। इसके खोलने और बंद करने का अनोखा डिजाइन इसे खास बनाता है। ढक्कन खोलने के लिये सिर्फ एक विशेष बटन को दबाना होता है। साथ ही खाना बनने के बाद इसमें भरी भाप को निकालने के लिए भी प्वाइंट दिया गया है। कोई भी इसे आसानी से निकाल सकता है। बाजार में कई तरह के जूसर मौजूद हैं लेकिन हैंडमेड जूसर खूब डिमांड में है। 700 रुपये के इस मशीन से बड़े ही नहीं बच्चे भी आसानी से जूस निकाल सकते हैं।

Dhanteras2024

चंद पलों में साफ हो जाने वाला गैस चूल्हा

किचन की जान गैस चूल्हा इस बार विशेष डिजाइन में देखने को मिल रहा है। सफाई और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे विशेष तरह से डिजाइन किया गया है। इस ग्लास टॉप चूल्हे की कीमत 9,695 रुपये है। इसमें खाना बनाने के बाद बर्नर को टॉप सतह से पलट कर आसानी से उठाया जा सकता है। इससे इसकी सफाई में आसानी रहती है।

तांबे और पीतल के बर्तनों का अपना बाजार

अब लोग धीरे-धीरे अपने स्वास्थ्य के अनुकूल मेटल बर्तन को पसंद कर रहे हैं। पीतल और तांबे के बर्तनों को लेकर लोग गंभीर हैं। जमकर खरीदारी कर रहे हैं। तांबे के तमाम आइटम बाजारों में हैं। चाहे वह गिलास हो बोतल हो ताली हो या फिर कटोरी चम्मच समेत पानी भरे जग आदि तमाम आइटम अब रोजमर्रा के लिए खरीदने लगे हैं।
हरीश चंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष मेटल एसोसिएशन

यह भी पढ़ेः दीपावली से पहले रौशन हुए बाजार, बदलना है घर का लुक तो यहां से करें शॉपिंग


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button