झारखंड: भाजपा के 18 विधायक विधानसभा से निलंबित, मार्शलों की मदद से निकाला गया बाहर – Utkal Mail

रांची। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 18 विधायकों को बृहस्पतिवार को अशोभनीय आचरण के लिए एक अगस्त दोपहर दो बजे तक के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया गया तथा सदन से जाने से इनकार करने के बाद उन्हें मार्शलों की मदद से बाहर निकाला गया। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने एक दिन पहले मार्शलों द्वारा विपक्षी विधायकों को बाहर निकाले जाने के विरोध में सदन में हंगामा करने के बाद भाजपा सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की। ये विपक्षी विधायक बुधवार को रोजगार समेत विभिन्न मुद्दों पर उनके प्रश्नों का जवाब देने से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इनकार के खिलाफ आसन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे थे।
विपक्ष के नेता अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि झारखंड में तानाशाही है। भाजपा विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले आसन के समीप आ गए और उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगते हुए नारे लगाए। उन्हें आसन के समक्ष कुछ दस्तावेजों को फाड़ते हुए भी देखा गया। सत्र शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों को बहस करते हुए भी देखा गया। हंगामा जारी रहने पर महतो ने 18 भाजपा विधायकों को निलंबित कर दिया।
जब उन्होंने निलंबित होने के बाद भी सदन से बाहर जाने से इनकार कर दिया तो अध्यक्ष ने मार्शलों को बुलाया जिन्होंने विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला। झारखंड के कई भाजपा विधायकों ने मार्शल द्वारा आसन के समीप से हटाए जाने के बाद बुधवार की रात विधानसभा परिसर में ही धरना दिया। ये विपक्षी विधायक रोजगार समेत विभिन्न मुद्दों पर उनके प्रश्नों का जवाब देने से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इनकार के खिलाफ आसन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे थे।
अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा की आचार समिति मामले की जांच करेगी और एक सप्ताह के भीतर उन्हें एक रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा कि अध्यक्ष ने राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार के इशारे पर लोकतंत्र की ‘‘हत्या’’ कर दी। विपक्ष के नेता अमर बाउरी ने दावा किया कि बृहस्पतिवार की कार्रवाई दिखाती है कि राज्य सरकार एक तानाशाह बन गयी है।
बाउरी ने कहा, ‘‘हम सरकार से लोगों से जुड़े मुद्दों पर प्रश्नों का जवाब देने का अनुरोध करते हैं। जो भी हुआ, वह विपक्षी विधायकों की आवाज को दबाने की कोशिश है।’’ उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन ने विधानसभा के इतिहास में काला अध्याय जोड़ा है। बाउरी ने कहा, ‘‘हम इस सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगे। सरकार ने कल हमारी बिजली काट दी, हमें शौचालय जाने से रोक दिया। लोग सब कुछ देख रहे हैं और वे झामुमो को उचित जवाब देंगे।’’ राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
विपक्षी दल भाजपा और ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) पार्टी के विधायकों को मार्शल ने देर रात सदन से बाहर निकाल दिया था। उन्होंने अपराह्न करीब तीन बजे सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद भी आसन के समीप से हटने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उन्हें सदन से निकालकर परिसर में लाया गया। कई भाजपा विधायक बुधवार रात को विधानसभा इमारत के प्रवेश द्वार के समीप परिसर के फर्श पर चादर बिछाकर और कंबल ओढ़कर सोए।
यह भी पढ़ें:-Kanwar Yatra: मेरठ में हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर डीएम की पुष्प वर्षा, देखें वीडियो