धर्म

सावन का पहला सोमवार आज: जानें शिवलिंग जलाभिषेक का शुभ समय और पूजा की विधि – Utkal Mail

Sawan 2025: सावन माह का पहला सोमवार, जो आज 14 जुलाई 2025 को पड़ रहा है, भगवान शिव के भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन का महीना भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय है। पौराणिक कथाओं में कहा जाता है कि इस माह में माता पार्वती ने कठिन तप कर शिव जी को अपने पति के रूप में प्राप्त किया था। सोमवार का दिन शिव भक्ति के लिए खास माना जाता है, और यह विश्वास है कि सावन में शिवलिंग पर केवल एक लोटा जल चढ़ाने से ही भक्तों की सभी इच्छाएं पूरी हो सकती हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को व्रत रखना और शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, धतूरा जैसी पूजन सामग्री अर्पित करना बहुत ही पुण्यदायी माना जाता है।

शिव पूजा की विधि

सावन के सोमवार को सुबह जल्दी उठें, स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र पहनें। फिर मंदिर में जाएं या घर पर स्थापित शिवलिंग की पूजा करें। सबसे पहले शिवलिंग पर जलाभिषेक करें, इसके बाद दूध, दही, शहद और घी से अभिषेक करें। फिर गंगाजल से शिवलिंग को दोबारा स्नान कराएं। इसके बाद शिव जी के मस्तक पर त्रिपुंड तिलक लगाएं और बेलपत्र, सफेद फूल, भांग, धतूरा, आक के फूल और अक्षत अर्पित करें। पूजा समाप्त करने के लिए तीन बार ताली बजाकर सफेद मिठाई का भोग लगाएं।

जलाभिषेक का शुभ समय

सावन का सोमवार स्वयं में शुभ होता है, लेकिन विशेष लाभ पाने के लिए जलाभिषेक शुभ मुहूर्त में करना बहुत ही श्रेष्ठ माना जाता है। आज सुबह 4:11 से लेकर 4:52 बजे तक जल चढ़ाना शुभ रहेगा। यदि यह समय निकल गया हो, तो अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:59 से 12:55 बजे तक उपलब्ध है, जिसमें जलाभिषेक किया जा सकता है। साथ ही, सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में जलाभिषेक करना भी बहुत फलदायी माना जाता है।

यह भी पढ़ेः अंतरिक्ष से लौट रहे शुभांशु शुक्ला ला रहे हैं अनमोल ‘वैज्ञानिक संपदा’, जानिए क्या है खास

(Disclaimer: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित है। इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। हम किसी भी जानकारी की सत्यता की पुष्टि नहीं करते।)


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button