Mata Vaishno Devi: भारी बारिश से माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, एक तीर्थयात्री की मौत, छह घायल – Utkal Mail

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में पुराने ट्रैक पर बाण गंगा के पास भारी बारिश के कारण सोमवार सुबह हुये भूस्खलन में श्री माता वैष्णो देवी के एक तीर्थयात्री की मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गये, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि सुबह पुराने ट्रैक पर बाण गंगा में लंगर क्षेत्र के पास एक बड़ा पत्थर गिरा।
इस हादसे में कम से कम सात तीर्थयात्री घायल हो गये, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा,“ बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। ” पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीर्थयात्रियों को कटरा के ककरयाल स्थित नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उनमें से एक तीर्थयात्री की मौत हो गयी।
अधिकारियों ने बताया कि पुराने मार्ग पर यात्रा स्थगित कर दी गयी है, लेकिन ताराकोट मार्ग से भवन की ओर यात्रा सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम, श्राइन बोर्ड के कर्मचारी और स्थानीय लोग सड़क मार्ग साफ़ करने में लगे हुये हैं। उन्होंने कहा, “लगभग 18,000 से 20,000 तीर्थयात्री प्रतिदिन कटरा की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन कर रहे हैं। ”
जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस भूस्खलन की इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और वह स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि उप राज्यपाल ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को घायल तीर्थयात्रियों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल और सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
उप राज्यपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के निकट हुई भूस्खलन की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है, जिसमें दुर्भाग्य से एक श्रद्धालु की जान चली गयी। श्राइन बोर्ड को घायल तीर्थयात्रियों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल और सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। मैं लगातार स्थिति पर नज़र रख रहा हूं। ”