मरियम-वेबस्टर का 2023 का सबसे लोकप्रिय शब्द बना ‘ऑथेंटिक’ – Utkal Mail
न्यूयॉर्क। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल बढ़ने के साथ-साथ ‘डीपफेक’ के दौर में मरियम-वेबस्टर का 2023 का शब्द ‘ऑथेंटिक’ (प्रामाणिक) चुना गया है। मरियम-वेबस्टर शब्दकोश के ‘एडिटर एट लार्ज’ पीटर सोकोलोव्स्की ने ‘द एसोसिएटिड प्रेस’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि डिक्शनरी कंपनी की वेबसाइट पर ‘ऑथेंटिक कुसीन’, ‘ऑथेंटिक वॉइस’, ‘ऑथेंटिक सेल्फ’ जैसे शब्दों को लेकर खोजबीन यूं तो हमेशा काफी अधिक रहती है, लेकिन इस साल यह अत्यधिक रही।
उन्होंने सोमवार को इस साल के शब्द की घोषणा से पहले कहा, ‘‘हम 2023 में प्रामाणिकता का एक प्रकार का संकट देख रहे हैं। हमें लगता है कि जब हम प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हैं तो इसे और अधिक महत्व देते हैं।’’ सोकोलोव्स्की और उनकी टीम उन कारणों की बात नहीं करती जिनके कारण लोग विशिष्ट शब्दों की तलाश में शब्दकोशों और वेबसाइटों को खंगालते हैं। लेकिन वे खोजबीन से जुड़े आंकड़ों को जरूरत देखते हैं। इस बार, किसी एक समय में किसी शब्द को लेकर कोई विशेष खोजबीन नहीं हुई, लेकिन ‘ऑथेंटिक’ में बढ़ती दिलचस्पी देखने को मिली।
यह निश्चित रूप से एआई का वर्ष रहा है, लेकिन एक ऐसा क्षण भी था जब चैटजीपीटी-निर्माता ‘ओपनएआई’ को नेतृत्व संकट का सामना करना पड़ा। ट्विटर को ‘एक्स’ में बदलने वाले एलन मस्क ने फरवरी में दुबई में विश्व सरकार शिखर सम्मेलन में कंपनियों के प्रमुखों, राजनेताओं, मंत्रियों और अन्य नेताओं से अपने स्वयं के खाते चलाकर सोशल मीडिया पर ‘प्रामाणिक रूप से बोलने’ का आग्रह किया था। इससे पहले 2022 में ‘गैसलाइटिंग’ को मरियम-वेबस्टर शब्दकोश का शब्द चुना गया था।
ये भी पढ़ें:- क्या है एक धार्मिक वैज्ञानिक होने की चुनौतियाँ?