भारत

'राहुल गांधी ना CM हिमन्त बिश्व शर्मा से डरता है और ना ही मोदी-शाह से डरता है', कांग्रेस नेता का भाजपा को जवाब – Utkal Mail

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान बुधवार शाम को असम के धुबरी में हुई जनसभा में विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। जनसभा में उमड़ी हजारों की भीड़ का उत्साह देखते ही बन रहा था। इससे पहले यात्रा बारपेटा से होते हुए अभयपुरी, बोंगाईगांव और धुबरी से गुजरी।

बुधवार को यात्रा करीब 140 किलोमीटर चली। बुधवार को जिस स्थान से भी यात्रा गुजरी, स्थानीय लोगों ने राहुल गांधी का नारों और पूरे उत्साह के साथ जोरदार स्वागत करते हुए अपना समर्थन दिया। पूरी यात्रा के दौरान कई-कई किलोमीटर लंबी लाइनों में लगे स्थानीय लोग राहुल गांधी का बेसब्री से इंतजार करते हुए दिखाई दिए।  

धुबरी की जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। इस यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ने का था। भाजपा-आरएसएस ने देश में जो हिंसा, नफरत और डर फैला रखा है, उसे मिटाने का था। 

उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी मणिपुर से महाराष्ट्र तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ कर रही है। भारत जोड़ो में कांग्रेस ने इस बार ‘न्याय’ शब्द जोड़ दिया है। नफरत और हिंसा तभी होती है, जब देश में अन्याय होता है। जब देश, परिवार और शहर में न्याय होता है, तो नफरत और हिंसा वहां नहीं दिखाई देती है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व शर्मा को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि असम में भी अन्याय हो रहा है। देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री असम का है। असम के मुख्यमंत्री कहते हैं कि पिछड़े और दलित वर्ग के लोग सामान्य वर्ग के लोगों की सेवा करने के लिए पैदा हुए हैं। वे एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं और फिर जनता का ध्यान भटकाकर पूरा धन छीन लेते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा का रिमोट कंट्रोल देश के गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में है। असम को आज असम नहीं चला जा रहा है। असम को आज दिल्ली से चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व शर्मा ने जिस दिन असम की बात की, उसी दिन अमित शाह उन्हें गद्दी से हटा देंगे।

भाजपा और मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में पैदा की जा रही बाधाओं को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार यात्रा को रोकने का प्रयास कर रही है, हम पर केस लगाए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें ये समझ नहीं आया कि राहुल गांधी ना असम के मुख्यमंत्री से डरता है और ना ही नरेंद्र मोदी और अमित शाह से डरता है।

भाजपा और एआईयूडीएफ के बीच मिलीभगत का पर्दाफाश करते हुए राहुल ने कहा कि असम में भाजपा अकेले नहीं लड़ती है। भाजपा के सबसे बड़े पार्टनर अजमल हैं। जैसे हर सिक्के के दो पहलू होते हैं, इस सिक्के का एक पहलू मोदी, अमित शाह और मुख़्यमंत्री शर्मा हैं, दूसरा पहलू अजमल हैं। असम के मुख्यमंत्री जो भी कहते हैं, वह अजमल करते हैं।

असम में कांग्रेस पार्टी सिर्फ भाजपा से ही नहीं, उसकी बी टीम अजमल के खिलाफ भी लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी ना भाजपा के साथ समझौता कर सकती है और ना ही अजमल के साथ समझौता करेगी। अगर भाजपा को हराना है, तो भाजपा की बी टीम को भी हराना होगा।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा: हिमंत विश्व शर्मा 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button