धर्म

कासगंज: गंगा दशहरा पर हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे गंगाघाट, लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी – Utkal Mail

कासगंज, अमृत विचार। गंगा दशहरा पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कासगंज जिले के गंगा घाटों पर डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने गंगास्नान कर पूजा अर्चना करते हुए साधु संतों को दान पुण्य भी किया। गंगा का दुग्धाभिषेक कर पहरावनी की। पूरे दिन गंगा पर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं के हर हर गंगे के जयकारों से गंगा के घाट गुंजायमान हो गए।

दशहरा पर्व पर पतित पावनी मां गंगा की ने अवतार लिया था। इसलिए आज के दिन स्नान करने का विशेष महत्व है‌। स्नान के लिए शनिवार की शाम से ही तीर्थनगरी सोरों, लहरा, कछला, कादरगंज  गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं ने डेरा जमा लिया। रात्रि के समय श्रद्धालुओं ने कहीं कीर्तन तो कहीं भजन के कार्यक्रम आयोजित करके गंगा की महिमा का गुणगायन किया। 

रविवार की सुबह हर हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह 6 बजे सभी गंगाघाटों पर चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम ही नजर आ रहा था। हर कोई गंगा की रेतीली तलहटी में दौड़ता हुआ गंगा की धार की ओर बढ़ रहा था जिससे वह जल्दी गंगा स्नान कर सके। श्रद्धालुओं के बीच ऐसी प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही थी। दूरस्थ इलाकों के लोग रात को ही यहां पहुंच गए थे, सुबह के समय गंगास्नान करने के पश्चात वापस प्रस्थान कर गए। वहीं आस पास के इलाके के लोगों का दोपहर तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।

दूध से किया गया अभिषेक
तमाम श्रद्धालुओ  गंगा मां का दूध से अभिषेक करते नजर आए। पूजा अर्चना का सिलसिला दिनभर गंगाघाटों पर चलता रहा। गंगाघाटों पर भंडारे के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जहां श्रद्धालु साधू, संतों और भिक्षुओं को भोजन कराके दान दक्षिणा भेंट कर रहे थे।

जगह-जगह रहे जाम के हालात 
दशहरा पर्व गंगा स्नान को आने जाने वाले श्रद्धालुओं के अतिरिक्त वाहनों की आवा जाही से कासगंज से लेकर कछला गंगा घाट तक जाम से हालात रहे। श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे रहे। वाहन रेंग रेंग कर चलते दिखाई दिए। जाम में फंसे श्रद्धालुओं को घंटों पसीना बहाना पड़ा। कड़ी मशक्कत और घंटों इंतजार के बाद वह गंगा घाट तक पहुंचे। उधर जाम के चलते यातायात पुलिस के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वह यातायात व्यवस्था सुचारू करने में लगे रहे।

जगह-जगह लगे मीठे शरबत के प्याऊ
गंगा दशहरा पर्व पर मीठे शरबत के प्याऊ का विशेष महत्व है। आस्था आस्था वादी लोगों ने जगह जगह मीठे शरबत के प्याऊ लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया, तो वहीं भीष्ण गर्मी में लोगों ने शरबत पीकर गर्मी से राहत की सांस ली।

ये भी पढे़ं- कासगंज: सड़क किनारे सौ रहे ग्रामीणों को ट्रैक्टर ट्रोली ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा घायल

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button