विदेश

Sri Lanka Elections 2024 : श्रीलंका में 21 सितंबर को होगा राष्ट्रपति पद का चुनाव, 15 अगस्त को स्वीकार किए जाएंगे नामांकन  – Utkal Mail

कोलंबो। श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव आगामी 21 सितंबर को होंगे। श्रीलंका के  निर्वाचन आय़ोग ने शुक्रवार को यह घोषणा की। इस संबंध में जारी गजट अधिसूचना के अनुसार, चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन की तारीख 15 अगस्त घोषित की है। इसी के साथ देश में महीनों से जारी इन अटकलों पर विराम लग गया कि निर्वतमान राष्ट्रपति रनिल विक्रमसिंघे का कार्यकाल बढ़ाने के लिए चुनाव की तारीख आगे खिसका दी जाएगी। सरकारी गजट संख्या 2394/51 शुक्रवार को जारी की गई, जिसमें कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद-31 (3) के तहत मतदान 21 सितंबर को होगा, जबकि 15 अगस्त को नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।

चुनाव आयोग ने कहा कि देश के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति का कार्यकाल 17 नवंबर, 2024 को समाप्त हो रहा है और राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल की समाप्ति से कम से कम एक महीने और ज्यादा से ज्यादा दो महीने के बीच में ही किया जा सकता है। नवंबर 2019 में राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले गोटबाया राजपक्षे ने दक्षिण एशियाई देश में गंभीर आर्थिक संकट के बीच जुलाई 2022 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राजपक्षे को नौ जुलाई 2022 को देश से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा था, जिसके बाद संसद ने तत्कालीन प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति चुना था। 

विक्रमसिंघे ने श्रीलंकाई अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से बेलआउट पैकेज हासिल करने में सफलता पाई। भारत ने भी 2022 की पहली तिमाही में श्रीलंका को चार अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता प्रदान की, जिससे आर्थिक संकट के बीच भोजन और आवश्यक वस्तुओं के आयात के लिए भुगतान किया गया। विक्रमसिंघे सुधारों को लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम हैं। उन्होंने श्रीलंका को दिवालियापन से बाहर निकालने का संकल्प लिया है। माना जा रहा है कि वह राष्ट्रपति पद पर बने रहने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे। 

ये भी पढे़ं : मध्य माली में भीषण सड़क हादसा: दो बसों की टक्कर में 16 लोगों की मौत, 48 घायल


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button