विदेश

अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़, 15 लोगों की मौत…फसलें भी नष्ट – Utkal Mail

इस्लामाबाद। अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्व क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। असामान्य रूप से भारी मौसमी बारिश देश के कई हिस्सों में कहर बरपा रही है, जिससे सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के मामलों के चलते संपत्ति और फसलें भी नष्ट हो गई हैं। 

शनिवार रात आई बाढ़ के कारण उत्तर-पूर्व स्थित बदख्शां और उत्तरी बगलान प्रांत प्रभावित हुए हैं। इस महीने की शुरुआत में भारी बारिश के कारण बगलान प्रांत में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। बदख्शां में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक मोहम्मद अकरम अकबरी ने कहा कि प्रांत की राजधानी फैजाबाद में बाढ़ की चपेट में आकर एक दंपति और उनके आठ बच्चों की मौत हो गई। 

ये भी पढे़ं : पापुआ न्यू गिनी में भीषण भूस्खलन,  670 लोगों की मौत होने की आशंका

बगलान प्रांत में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के प्रांतीय निदेशक इदायतुल्ला हमदर्द ने कहा कि बाढ़ के कारण दोशी जिले में कम से कम 40 घर क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग मारे गए हैं। हालांकि, उन्होंने मृतकों की संख्या के संबंध में अधिक विवरण नहीं दिया। हालांकि, एक स्थानीय अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रांत में बचाव दलों को अब तक पांच शव मिले हैं।

ये भी पढ़ें : क्या ‘रोने या शिकायत करने’ के बाद आप सचमुच अधिक खुश महसूस करते है? चिकित्सक ने दी राय 


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button