भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने ईस्टर पर लोगों को दी शुभकामनाएं, ईसाईयों ने उत्साह के साथ ईस्टर मनाया पर्व – Utkal Mail

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईस्टर पर लोगों को बधाई देते हुए रविवार को कामना की कि यह पवित्र अवसर सभी को आशा, नवीनीकरण और करुणा की प्रेरणा दे। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सभी को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह ईस्टर विशेष है, क्योंकि दुनिया भर में ‘जुबली वर्ष’ को बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पवित्र अवसर प्रत्येक व्यक्ति में आशा, नवीनीकरण और करुणा की प्रेरणा दे। चारों ओर आनंद और सद्भाव हो।’’ ‘जुबली वर्ष’ 25 वर्षों की अवधि है जिसे पोप द्वारा अनुग्रह, क्षमा और आध्यात्मिक नवीनीकरण के विशेष समय के रूप में घोषित किया जाता है। गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु मसीह को क्रूस पर चढ़ाया गया था लेकिन रविवार के दिन वह फिर से जीवित हो गए थे। इस दिन को ईस्टर के नाम से जाना जाता है।  

केरल में ईसाईयों ने उत्साह के साथ ईस्टर मनाया 

तिरुवनंतपुरम: केरल में ईसाइयों ने रविवार को प्रभु ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने के बाद उनके फिर से जीवित होने की स्मृति में प्रार्थना और पारंपरिक भोज के साथ ईस्टर का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु सुबह से ही गिरजाघरों में उमड़ पड़े और उन्होंने प्रार्थना की। 

राज्यभर के गिरजाघरों में विभिन्न चर्च संप्रदायों के प्रमुख, बिशप और पादरियों ने ईस्टर पर्व के दौरान गिरजाघरों में लोगों का नेतृत्व किया। ईस्टर प्रार्थना और पश्चाताप के पवित्र सप्ताह की परिणति का भी प्रतीक है, जिसमें ईसा मसीह के जीवन के अंतिम दिनों को याद किया जाता है। 

इस अवसर पर 40 दिन के उपवास (लेंट) काल के समापन के साथ ईसाई परिवारों ने घरों में विभिन्न प्रकार के शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों के साथ भव्य भोज तैयार किया। इस बीच, विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने लोगों को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं और अपने-अपने क्षेत्रों के गिरजाघर का दौरा कर पादरियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की।  

यह भी पढ़ें:-जम्मू कश्मीर: रामबन में भारी बारिश और भूस्खलन से आई तबाही, 3 लोगों की मौत, 100 से अधिक लोगों को बचाया गया

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button