भारत

Assembly Election Results 2023 Live : चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी, जानें पल-पल के अपडेट्स – Utkal Mail


Election Results: मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में आज मतगणना के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। आज इस बात का फैसला हो जाएगा कि राज्य में किसकी सरकार बनेगी।


राजस्थान VIP सीट का नंबर
– सरदारपुरा – सीएम अशोक गहलोत आगे
– झोटवाड़ा – राज्यवर्धन राठौर (पीछे), अभिषेक चौधरी (कांग्रेस) आगे 
– वसुंधरा राजे – आगे
– सचिन पायलट – आगे


मध्य प्रदेश की VIP सीटों का हाल
– शिवराज सिंह चौहान (सीएम)- बुधनी से आगे
– नरोत्तम मिश्रा (गृहमंत्री) – दतिया से पीछे
– कमलनाथ (पूर्व सीएम) – छिंदवाड़ा से आगे

मध्यप्रदेश चुनाव की मतगणना जारी
मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत आज राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना के साथ ही न केवल राज्य के लगभग ढाई हजार से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा, बल्कि दोपहर बाद तक राज्य की नई सरकार को लेकर स्थिति भी साफ होने लगेगी। राज्य के सभी 52 जिला मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी, जिसके बाद पूर्वान्ह से ही प्रत्याशियों के भाग्य से जुड़े रुझान सामने आने लगेंगे। 

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मतगणना के हर राउंड के परिणाम प्रदर्शित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती शुरु होगी, उसके आधे घंटे बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना होगी। पोस्टल बैलेट की गणना समाप्त होने के बाद हर उम्मीदवार को मिले डाक मतों की घोषणा की जाएगी। 

मतगणना के पूर्व राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने संवाददाताओं को बताया कि ईवीएम के मतों की गणना के लिए चार हजार 369 टेबल एवं पोस्टल बैलेट की मतगणना के लिए 692 टेबल लगाए गए हैं। पूरी मतगणना की प्रक्रिया का सीसीटीवी कवरेज होगा। स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ईवीएम मशीनें लाने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार अलग-अलग रास्ता निर्धारित किया गया है। उन्हाेंने बताया कि मतगणना कर्मियों का रेंडमाइजेशन 3 स्तर पर होगा। इस बार राज्य में कुल 77.82 फीसदी मतदान हुआ है जो 2018 विधानसभा चुनाव में हुए 75.63 फीसदी मतदान से 2.19 फीसदी अधिक है। 

मतगणना के परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट रिजल्ट्स डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से देखे जा सकेंगे। मतगणना के परिणाम सीईओमध्यप्रदेश डॉट एनआईसी डॉट इन पर प्रदर्शित किए जाएंगे। राज्य की सभी 230 सीटों पर 17 नवंबर को एक साथ मतदान हुआ था। राज्य में सोलहवीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव में कुल दो हजार 533 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दो हजार 280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक अन्य (थर्ड जेंडर) प्रत्याशी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान बुधनी से, पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाड़ा से और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी से, प्रहलाद पटेल नरसिंहपुर से और फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला जिले के निवास से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ गहिारश गौतम देवतालाब से और नेता प्रतिपक्ष डाॅ गोविंद सिंह लहार से मैदान में हैं। इसके अलावा भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की इंदौर एक क्षेत्र से तथा चार सांसद, राज्य सरकार के दो दर्जन से अधिक मंत्री और अन्य प्रमुख नेताओं की किस्मत भी मतदान के बाद ईवीएम में कैद हो गयी। 

कुल दो हजार 533 प्रत्याशियों में भाजपा और कांग्रेस के 230-230 के अलावा बसपा के 181, सपा के 71 और 1166 निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। मतदाताओं की कुल संख्या पांच करोड़ 60 लाख 58 हजार से अधिक है, जिसमें दो करोड़ 87 लाख 82 हजार से ज्यादा पुरुष और दो करोड़ 71 लाख, 99 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। अन्य मतदाता यानी थर्ड जेंडर की संख्या 1292 है। राज्य में पंद्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी दल काे स्पष्ट बहुमत (116 सीट) नहीं मिला था। उस समय कांग्रेस 114 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी और उसने अन्य दलों के साथ मिलकर दिसंबर 2018 में सरकार बनायी थी। 

भाजपा को 109 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। इसके अलावा चार निर्दलीयों के साथ ही बसपा के दो और सपा के एक प्रत्याशी ने विजय हासिल की थी। मार्च 2020 में तत्कालीन कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के अपने समर्थक विधायकों के साथ दलबदल करने के कारण कांग्रेस सरकार का पतन हो गया था और भाजपा फिर से सत्ता में आ गयी। इसके बाद हुए उपचुनावों के चलते विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 127 और कांग्रेस सदस्यों की संख्या घटकर 96 हो गयी है। 

राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 की मतगणना जारी
जयपुर। राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार सुबह आठ बजे शुरु हो गई। 199 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 33 जिला मुख्यालयों के 36 केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के बीच शुरु हुई । सबसे पहले उम्मीदवारों एवं पर्यवेक्षकों के समक्ष स्ट्रांग रुम को खोला गया और डाक मतपत्रों की गिनती शुरु की गई। मतगणना शुरु होने से पहले सुबह पांच बजे मतगणनाकर्मियों को मतगणना टेबल का आवंटन किया गया।

डाक मतपत्रों के जरिए चार लाख 66 हजार 881 मत पड़े, इनमें सुबह आठ बजे तक प्राप्त मतपत्रों की गिनती शुरु कर दी गई। इसके बाद साढ़े आठ बजे इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतपत्रों की गिनती शुरु होगी। इस चुनाव में इ्रवीएम के जरिए तीन करोड़ 92 लाख 11 हजार 399 मत प़ड़े। इनमें दो करोड़ तीन लाख 83 हजार 757 पुरुष मतदाताओं जबकि एक करोड़ 88 लाख 27 हजार 294 महिला मतदाताओं के मत शामिल है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता के अनुसार मतगणना त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच 2552 टेबलों पर 4180 राउंड में की जायेगी। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी कवरेज होगी और मतगणना स्थल पर ट्रेंड-टीवी पर भी रुझान जारी किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए 1121 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है। जयपुर, जोधपुर एवं नागौर में दो-दो केंद्रों पर और शेष 30 निर्वाचन जिलों में एक-एक केंद्र पर वोटों की गिनती की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक राउंड पूरा होने पर नियमानुसार उस राउंड के परिणाम की घोषणा की जायेगी तथा दूसरे राउंड की गिनती प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना सेंटर पर प्रत्येक विधानसभा के लिए पृथक-पृथक मतगणना हॉल बनाए गये है जहां आयोग के निर्देशानुसार टेबलों की व्यवस्था पोस्टल बैलेट एवं ईवीएम की मतगणना के लिए की गई है।

गुप्ता ने बताया कि ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रोऑब्जर्वर मौजूद है। इसी प्रकार, पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाईजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रोऑब्जर्वर रहेगा। माइक्रोऑब्जर्वर केन्द्र सरकार के विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद है।

मतगणना में सबसे अधिक 34 राउंड शिव विधानसभा क्षेत्र में तथा सबसे कम 14 राउंड अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में होगें। उन्होंने कहा कि मतगणना हॉल के बाहर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति के कमरे में प्रवेश करने या छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना कार्मिक परिणाम घोषित होने के बाद ही आरओ की अनुमति से मतगणना हॉल छोड़ेंगे।

मतगणना केंद्र के अंदर आयोग के पर्यवेक्षकों और काउंटिंग डेटा प्रसारित करने के आधिकारिक उपयोग के लिए आवश्यक उपकरणों के अतिरिक्त किसी भी मोबाइल फोन, आई-पैड, लैपटॉप अथवा किसी भी ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण की अनुमति नहीं होगी।

छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों पर मतगणना जारी
रायपुर।छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा प्रबन्धों के बीच मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो गयी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मतगणना सभी 33जिला मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे शुरू हो गई।मतगणना हाल में सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना शुरू की गई है,इसके 30 मिनट बाद साढ़े आठ बजे से ईवीएम में दर्ज वोट की गणना शुरू की जायेंगी।

ईवीएम में दर्ज मतों की प्रत्येक चरण में 14 टेबल पर गणना होगी।छह विधानसभा क्षेत्रों पंडरिया,कवर्धा,सारंगढ़,बिलाई गढ़,कसडोल एवं भरतपुर-सोनहत में 21 टेबलों पर गणना की अनुमति प्रदान की गई है। राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना हेतु 90 रिटर्निंग अधिकारी 416 सहायक रिटर्निंग अधिकारी,4596 गणनाकर्मी एवं 1698 माईक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए है।

इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 90 काउटिंग आब्जर्वर नियुक्त किए गए है।मतगणना स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है,जहां प्रत्येक स्तर पर पहचान पत्रों की जांच के उपरान्त ही प्रवेश दिया जा रहा हैं।पहले और बाहरी स्तर पर राज्य पुलिस तथा भीतरी स्तर पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान तैनात किए गए है। आयोग के निर्देशानुसार केन्द्र तथा राज्यों के मंत्री ,नगर निगम के मेयर,नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष,जिला एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं अन्य सुरक्षा प्राप्त कर्मियों की गणना अभिकर्ता के रूप में नियुक्त करने की अऩुमति नही दी गई है।इसके साथ ही मतगणना एवं सारणीकरण की सभी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है।

राज्य में 90 सीटों पर दो चरणों में विधानसभा चुनाव क्रमशः सात एवं 17 नवम्बर को हुए थे।राष्ट्रीय एवं राज्य के मान्यता प्राप्त दलों,पंजीकृत दलों समेत कुल 1181 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच है। एक्जिट पोल के नतीजों से दोने ही दल परिणामों को अपने अपने पक्ष में मानते हुए उत्साहित है। पिछले विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दल जनता कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा)ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था और तीसरे दल के रूप में अपनी ताकत दिखाई थी लेकिन इस बार दोनो ही दल अलग अलग चुनाव मैदान में है।इनके अलावा आम आदमी पार्टी,कम्युनिस्ट पार्टी ने भी उम्मीदवार उतारे है।

इस बार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन क्षेत्र पाटन,उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव के क्षेत्र अम्बिकापुर,भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के क्षेत्र राजनांदगांव,केन्द्रीय मंत्री रेणुका चौधरी के क्षेत्र भरतपुर-सोनहत,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के चुनाव क्षेत्र लोरमी,विधानसभा अध्यक्ष डा.चरणदास महंत के चुनाव क्षेत्र सक्ती,नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के क्षेत्र जांजगीर चापा,पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद विष्णुदेव साय के क्षेत्र कुनकुरी के चुनाव परिणाम पर लोगो की विशेष दिलचस्पी है।

तेलंगाना में कड़े सुरक्षा इंतजामात के बीच मतगणना जारी
हैदराबाद। तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर 30 नवंबर को हुए मतों की गणना रविवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।

मतगणना के लिए कुल 49 केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें से 14 हैदराबाद जिले में , 04 रानागा रेड्डी जिले में और अन्य प्रत्येक जिला मुख्यालयों में है। सभी मतगणना केंद्र मजबूत त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित हैं, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस की लगभग 40 कंपनियों की तैनाती की गयी है। प्रारंभिक 30 मिनट की गिनती डाक मतपत्रों की होगी और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में वोटों की गणना होगी। पहला परिणाम सुबह 10 बजे तक आने की उम्मीद है तथा सभी नतीजे दोपहर बाद तक घोषित होने की संभावना है। राज्य के 03 करोड़, 26 लाख मतदाताओं में से 71.34 प्रतिशत ने 119 सदस्यों को चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नलगोंडा जिले के मुनुगोडे में मतदान में सबसे अधिक 91.89 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि हैदराबाद जिले के याकूतपुरा में सबसे कम 39.64 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव में कुल 2290 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 221 महिलाएं और एक उभयलिंगी शामिल हैं। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और भारतीय जनता पार्टी के एटाला राजेंद्र दो-दो निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- रविवार को आएंगे मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button