विदेश

स्टेला असांजे ने विकिलीक्स संस्थापक जूलियन की रिहाई के लिए ऑस्ट्रेलियाई सांसदों का जताया आभार – Utkal Mail

मेलबर्न। विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे की पत्नी स्टेला असांजे ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन जाकर उनके पति को रिहा कराने का अभियान चलाने वाले कई सांसदों का आभार व्यक्त किया। असांजे का अपने गृह देश ऑस्ट्रेलिया लौटने पर किए गए स्वागत को लेकर सांसदों के बीच मतभेद हैं। स्टेला असांजे ने कहा, जूलियन बहुत खुश हैं और ऑस्ट्रेलियाई लोगों, संसद सदस्यों और सरकार तथा विपक्ष के भी आभारी हैं जो उनकी रिहाई के लिए आवाज उठाने के वास्ते एक साथ आएं। 

असांजे ने एक समझौते के तहत अमेरिकी सेना से जुड़े गोपनीय दस्तावेज हासिल करने और उन्हें प्रकाशित करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद इस मामले में 14 साल की कानूनी लड़ाई खत्म हो गई है। उन्होंने जुर्म स्वीकार करने के बाद बुधवार को ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद से सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। ‘ब्रिंग जूलियन असांजे होम पार्लियामेंट्री ग्रुप’ अभियान की शुरुआत 2019 में कुछ सांसदों ने की थी और बाद में 47 सांसदों ने इसे समर्थन दिया था। सांसदों के बीच इस पर आम सहमति बढ़ी थी कि 2010 में इराक तथा अफगानिस्तान में अमेरिका के युद्ध से जुड़े लगभग पांच लाख दस्तावेजों को लीक करने को लेकर विकिलीक्स पर मुकदमा काफी लंबे वक्त से चल रहा है।

 असांजे को लंदन की जेल से रिहा कराकर उत्तर मारियाना द्वीप तक ले जाने के कूटनीतिक कदम का श्रेय ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को दिया गया है। असांजे ने उत्तर मारियाना द्वीप जाकर ही अमेरिकी आरोपों को स्वीकार किया था। अमेरिकी न्याय विभाग के साथ हुए समझौते के तहत असांजे को अपने गंभीर जुर्म को स्वीकार करना था और बदले में उन्हें अमेरिकी जेल में समय बिताए बिना अपने गृह देश ऑस्ट्रेलिया लौटने की अनुमति दी गयी है। न्यायाधीश ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई। असांजे ब्रिटेन में इतनी सजा काट चुके हैं। वहीं, विपक्षी सांसदों की दलील है कि अल्बनीज ने असांजे के कैनबरा पहुंचने पर उन्हें फोन करके ऑस्ट्रेलिया के सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा साझेदार अमेरिका के साथ संबंध खराब होने का खतरा मोल लिया है। 

विदेश मामलों पर विपक्ष के प्रवक्ता साइमन बर्मिंघम ने कहा, ‘‘एंथनी अल्बनीज को उसी दिन जूलियन असांजे का देश में स्वागत करने की आवश्यकता नहीं थी जिस दिन उन्होंने जासूसी के आरोप स्वीकार किए हैं।’’ बहरहाल, स्टेला असांजे ने दलील दी कि उनके पति पर कभी आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए थे।

 उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जुर्म स्वीकार किया है। यह मामला पत्रकारिता, मानक पत्रकारिता, समाचार एकत्रित करने तथा प्रकाशित करने की गतिविधि का अपराधीकरण करता है।’’ दक्षिण अफ्रीका में जन्मी वकील स्टेला ने 2022 में जेल में असांजे से शादी की थी। उन्होंने अपने पति के भविष्य के करियर के बारे में कुछ संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वह (असांजे) हर दिन महासागर में तैराकी करने की सोच रहे हैं। अच्छे बिस्तर पर सोने, अच्छा खाना खाने और अपनी आजादी का जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें : अमेरिकी राजदूत ने यूक्रेन युद्ध में रूस को चीन की तकनीकी सहायता को बताया ‘बड़ी गलती’ 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button