भारत

रेवंत रेड्डी आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ, सोनिया-राहुल गांधी समेत कई नेता करेंगे शिरकत – Utkal Mail

हैदराबाद। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी (56) गुरुवार यानि आज एलबी स्टेडियम में दोपहर 1.04 बजे शुभ समय पर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। रेड्डी 2014 से के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सत्ता में रहने के बाद तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यंराजन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी गठबंधन के कुछ नेता भी शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, रेड्डी के साथ उप मुख्यमंत्री के अलावा 10 और कांग्रेस विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल के पूर्व नेता भट्टी विक्रमार्क को उप मुख्यमंत्री पद मिल सकता है और अन्य वरिष्ठ नेताओं उत्तम कुमार रेड्डी, श्रीधर बाबू, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और डी.अनसूया (सीथक्का) को मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। उप मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री पदों पर अंतिम फैसले की घोषणा श्री रेड्डी के बुधवार रात राष्ट्रीय राजधानी से शहर पहुंचने के बाद की जाएगी। 

रेड्डी पार्टी आलाकमान द्वारा तेलंगाना के अगले मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम की घोषणा करने के बाद मंगलवार शाम एक विशेष विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पार्टी के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। रेड्डी ने कांग्रेस के राज्य प्रभारी माणिकराव ठाकरे और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का भी उनके चयन के लिए आभार व्यक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी , राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया व उपमुख्यमंत्री डी़ के. शिवकुमार समेत कर्नाटक के कई मंत्री और अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं के शामिल होने की संभावना है। 

राज्य में गत 30 नवंबर को हुए चुनाव में 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस पार्टी को अपनी सहयोगी पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) समेत 65 सीटें मिलीं। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का लगभग 10 साल पुराना शासन रविवार को समाप्त हो गया। निवर्तमान मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यंराजन ने स्वीकार कर लिया। 

ये भी पढ़ें- गोगामेड़ी हत्याकांड: हत्यारों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद सुखदेव सिंह की पत्नी ने धरना किया समाप्त, आज होगा अंतिम संस्कार


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button