भारत

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे: आंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने कहा… – Utkal Mail

नई दिल्ली। कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि वह संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर ने हम देशवासियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित-भारत का संविधान- दिया जो सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए सबसे शक्तिशाली औजार है।’’ 

उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने देश की प्रगति व एकता के लिए समावेशिता को अपना परम कर्तव्य बताया और सभी के अधिकारों की रक्षा करने पर पुरज़ोर बल दिया। खरगे ने कहा, ‘‘आंबेडकर की 135वीं जयंती पर हम सामाजिक परिवर्तन और सामाजिक न्याय के उनके विचारों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता पुनः दोहराते हैं। कांग्रेस पार्टी ये शपथ लेती है कि हम संवैधानिक मूल्यों की रक्षा व लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।’’ 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर जी को उनकी जयंती पर सादर नमन।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश के लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए, हर भारतीय के समान अधिकारों के लिए, हर वर्ग की हिस्सेदारी के लिए उनका संघर्ष और योगदान, संविधान की रक्षा की लड़ाई में हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।’’ 

गौरतलब है कि आंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल, 1891 को मध्यप्रदेश के महू में हुआ था। एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वह स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हाशिए पर पड़े लोगों की मुखर आवाज बने। उन्हें कई सामाजिक सुधारों की शुरुआत करने और संविधान निर्माण का श्रेय जाता है।   

यह भी पढ़ें:-IPL 2025: LSG-CSK के बीच इकाना स्टेडियम में मैच आज, बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button