भारत

चंद्रबाबू नायडू आज चौथी बार लेंगे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ, प्रधानमंत्री मोदी भी रहेंगे मौजूद  – Utkal Mail

अमरावती। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार को चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों जे.पी. नड्डा और बंडी संजय कुमार के साथ-साथ कई अन्य नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

तेदेपा प्रमुख विजयवाड़ा के बाहरी इलाके केसरपल्ली में गन्नावरम हवाई अड्डे के सामने मेधा आईटी पार्क के पास पूर्वाह्न 11.27 बजे शपथ लेंगे। नायडू के साथ जनसेना प्रमुख पवन कल्याण, तेदेपा प्रमुख के बेटे नारा लोकेश और 22 अन्य नेताओं के भी शपथ लेने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सूत्रों के अनुसार, पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री पद की पेशकश की गई है। जनसेना को तीन कैबिनेट मंत्री पद और भाजपा को एक मंत्री पद की पेशकश की जा रही है। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। मंगलवार को तेलुगु देशम विधायक दल और राजग के घटक दलों ने नायडू को अपना नेता चुना था।

नायडू ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नायडू ने कहा था, ”आप सभी के सहयोग से मैं (मुख्यमंत्री के रूप में) शपथ ग्रहण कर रहा हूं और इसके लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं।”

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी के सुबह 10.40 बजे गन्नावरम हवाई अड्डे पर पहुंचने और 10.55 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। उनके अपराह्न 12.45 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश में राजग में तेदेपा, भाजपा और जनसेना शामिल हैं। राजग ने 164 सीट के साथ विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। 

 ये भी पढ़ें-जम्मू-कश्मीर : डोडा में मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मी घायल, कठुआ में संदिग्ध आतंकवादी ढेर 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button