भारत

आप नेता आतिशी का दावा, बीजेपी ने मालीवाल को ‘ब्लैकमेल’ कर केजरीवाल के खिलाफ साजिश में किया शामिल – Utkal Mail

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी ने शनिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल अवैध भर्ती मामले में गिरफ्तारी का सामना कर रही हैं और उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने ‘ब्लैकमेल’ कर मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ साजिश का हिस्सा बनाया। मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है। 

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में आरोप लगाया कि मालीवाल सोमवार को मिलने का समय लिये बिना मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर पहुंचीं। आतिशी ने कहा, ‘‘वह अंदर क्यों प्रवेश कर गईं? वह मिलने का समय लिये बिना मुख्यमंत्री के आवास पर क्यों पहुंचीं? उस दिन अरविंद केजरीवाल व्यस्त थे और उनसे नहीं मिले। 

अगर वह उस दिन उनसे मिले होते, तो बिभव कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोप उनके (केजरीवाल के) खिलाफ लगाए जा सकते थे।’’ उन्होंने कहा कि मालीवाल को भाजपा ने इस ‘साजिश’ का चेहरा बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का एक पैटर्न है। पहले वे मामले दर्ज कराते हैं और फिर नेताओं को जेल भेजने की धमकी देते हैं। स्वाति मालीवाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा दर्ज अवैध भर्ती मामले में आरोपों का सामना कर रही हैं। मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और इस स्थिति में उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।’’ 

आप नेता ने आरोप लगाया, ‘भाजपा ने मालीवाल को ‘ब्लैकमेल’ किया और उन्हें इस साजिश का चेहरा बनाया।’ आप सांसद स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि कुमार ने सोमवार को केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर उनके साथ मारपीट की लेकिन पार्टी ने आरोपों को ‘निराधार’ बताते हुए खारिज कर दिया था। 

दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को मालीवाल पर कथित हमले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की और कुमार को आरोपी बनाया। आतिशी ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस निष्पक्ष है तो उसे मालीवाल के खिलाफ कुमार की शिकायत पर भी प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा, ‘‘क्या दिल्ली पुलिस मालीवाल के खिलाफ अनाधिकार प्रवेश, सुरक्षा के उल्लंघन और एक सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य के पालन से रोकने का मामला दर्ज करेगी? अगर दिल्ली पुलिस निष्पक्ष है, तो उसे बिभव की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। क्या वह बिभव की शिकायत पर उसी तरह से कार्रवाई करेगी जिस तरह से मालीवाल की शिकायत पर की गई? 

आतिशी ने कहा कि मालीवाल के कॉल रिकॉर्ड की जांच और विश्लेषण किया जाना चाहिए (यह देखने के लिए) कि वह किन भाजपा नेताओं के संपर्क में थीं। घटना की जांच के तहत दिल्ली पुलिस शुक्रवार को अपराध के दृश्य का नाट्यरूपांतरण करने के लिए मालीवाल को केजरीवाल के आवास पर ले गई। तीस हजारी अदालत में मजिस्ट्रेट के सामने उनका बयान भी दर्ज किया गया। 

ये भी पढे़ं- ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के लापता अभिनेता गुरुचरण सिंह 24 दिन बाद लौटे घर, बताई गायब होने की वजह

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button