धर्म

Merry Christmas 2024: गिरजाघरों में दिख रही Christmas की धूम, आधी रात से उमड़े श्रद्धालु, मनाया ईसा मसीह का जन्मदिन – Utkal Mail


लखनऊ, अमृत विचार: घड़ी ने रात के 12 बजाये और गिरजाघरों में क्रिसमस की धूम शुरू हो गई। रोशनी से जगमगाते गिरजाघरों में प्रार्थनाओं का दौर पहले ही शुरू हो चुका था। गिरजा इसाई धर्म के अनुयाइयों से खचाखच भरे थे। राजधानी के कैथेड्रल चर्च में सबसे बड़ा आयोजन किया गया था। लोगों ने चर्च पहुंचकर मोमबत्तियां जलाईं और ईसा मसीह को याद किया।

कैथेड्रल चर्च में क्रिसमस की भव्य झांकी सजाई गई थी। चर्च के शीर्ष पर सितारा लगाने वाले मोहम्मद अली भी वहां मौजूद थे। मोहम्मद अली अपने परिवार की परम्परा का पालन करते हुए हर साल चर्च के शीर्ष पर सितारा लगाते हैं। उनसे पहले यही काम उनके पिता करते थे। चर्च के शीर्ष तक चढ़ना खतरे का काम होता है। यही वजह है कि जिस दिन वह चर्च पर सितारा लगाने के लिए चढ़ते हैं उस दिन उनका परिवार रोजा रखता है। सितारा लगाने के लिए चढ़ने से पहले वह अपने परिवार से फोन पर बात करते हैं और उनके घर में तब तक प्रार्थनाओं का दौर चलता है जब तक वह सुरक्षित उतरकर दोबारा अपने घर फोन नहीं कर देते।

Untitled design - 2024-12-25T112704.591

चर्च में लगाई गई झांकी में ईसा मसीह के जन्म से जुड़ी लीलाएं बनाई जाती हैं। जहां ईसा मसीह पैदा हुए वहां का माहौल झांकी में उतारा जाता है। जिस तरह का उनका घर था, जिस पहाड़ पर वह पैदा हुए थे, उनकी मां मरियम की मूर्ति भी उस झांकी में सजाई गई थी।

झांकी में सेंटाक्लाज का मनोहारी कटआउट भी लगाया गया था जो बिजली के जरिये अपने हाथ और सर को चला रहा था, यह बच्चों के आकर्षण का केंद्र बना था। क्रिसमस के आयोजन के मद्देनजर हजरतगंज में बड़ी भीड़ उमड़ी थी। यातायात संचालन के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किये थे।

Untitled design - 2024-12-25T112735.500

चर्च के मुख्य हाल में ईसा मसीह के सन्दर्भ में विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किये, उनसे जुड़े गीत गाये गये। ईसा मसीह के जन्म की घोषणा के साथ ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा।

यह भी पढ़ेः Christmas 2025: लखनऊ में इटली से चलकर नेपाल के रास्ते भारत आया ईसाई धर्म


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button