भारत

उज्जैन और सिद्धार्थनगर में महिलाओं के खिलाफ क्रूरता ‘मानवता पर कलंक’ है: राहुल गांधी – Utkal Mail

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश के उज्जैन और उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में महिलाओं के खिलाफ क्रूरता ‘‘मानवता पर कलंक’’ है। उन्होंने कहा कि ‘‘प्रचार-केंद्रित’’ सरकारों ने एक असंवेदनशील व्यवस्था को जन्म दिया है, जिसकी सबसे बड़ी शिकार महिलाएं हैं। 

कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी तब आई, जब उज्जैन के आगर नाका इलाके में कबाड़ बीनने वाली एक महिला को शराब पीने के लिए मजबूर करने के बाद एक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया। एक अन्य घटना में, सिद्धार्थनगर में एक महिला के साथ एक निजी एंबुलेंस के चालक और सहायक द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। महिला ने अपने बीमार पति को घर ले जाने के लिए किराए पर एंबुलेंस ली थी। 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उज्जैन और सिद्धार्थनगर में महिलाओं के साथ हुई बर्बरता मानवता पर कलंक है। महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ते अपराध और पुलिस प्रशासन का पीड़िता व उसके परिवार के प्रति रवैया तंत्र की बेरहमी का सबूत है। यह देश के लिए गंभीर चिंतन का विषय है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘प्रचार केंद्रित सरकारों ने अपनी झूठी छवि गढ़ने के लिए एक असंवेदनशील व्यवस्था को जन्म दिया है, जिसका सबसे बड़ा शिकार महिलाएं हो रही हैं।’’ गांधी ने कहा कि समय आ चुका है कि महिला सुरक्षा के लिए समाज के नैतिक उत्थान की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएं और सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर कड़े कदम उठाए जाएं। 

उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर नागरिक, बेहतर व्यवस्था को जन्म देता है और बेहतर व्यवस्था ही एक बेहतर समाज बनाती है।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में दिनदहाड़े फुटपाथ पर महिला के साथ बलात्कार की घटना बेहद भयावह है। 

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के उज्जैन में दिनदहाड़े फुटपाथ पर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत भयावह है। आज पूरा देश सन्न है कि हमारा समाज किस ओर जा रहा है? खबरों के मुताबिक, रास्ते से गुजर रहे लोग महिला को बचाने की जगह वीडियो बना रहे थे। उज्जैन की पवित्र भूमि पर ऐसी घटना से मानवता कलंकित हुई है।’’ 

यह भी पढ़ें:-कांग्रेस में शामिल होने से पहले विनेश फोगाट ने दिया भारतीय रेलवे से इस्तीफा, लिखा यह भावुक संदेश


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button