विदेश

इस्पात-एल्युमीनियम पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, वित्त मंत्रालय को दिए नए सिक्के नहीं बनाने के निर्देश  – Utkal Mail

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह कनाडा तथा मेक्सिको सहित इस्पात और एल्युमीनियम के सभी आयातों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की सोमवार को घोषणा करेंगे। साथ ही इस सप्ताह के अंत में अन्य आयात शुल्क भी लगाए जाएंगे। सुपर बाउल में हिस्सा लेने के लिए फ्लोरिडा से न्यू ऑरलियन्स जाते समय विमान ‘एयर फोर्स वन में’ रविवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, अमेरिका में आने वाले किसी भी इस्पात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगेगा।’’ 

एल्युमिनियम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘एल्युमीनियम भी’ व्यापार दंड के अधीन होगा। ट्रंप ने ‘पारस्परिक शुल्क’ की घोषणा करने की बात भी दोहराई जिसका मतलब है कि अमेरिका उन उत्पादों पर आयात शुल्क लगाएगा जहां किसी अन्य देश ने अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाया है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ यदि वे हमसे 130 प्रतिशत शुल्क ले रहे हैं और हम उनसे कुछ भी शुल्क नहीं ले रहे हैं, तो अब यह स्थिति ऐसी नहीं रहेगी। गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने पहले भी कई बार कहा है कि वह आयात करों को आव्रजन जैसे मुद्दों पर रियायतें दिलाने के साधन के साथ ही इसे सरकार के बजट घाटे को कम करने में मदद करने वाले राजस्व के स्रोत के रूप में भी देखते हैं। 

इस बीच, दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक ने देश के शीर्ष विदेश नीति एवं व्यापार अधिकारियों की सोमवार को बैठक बुलाई, जिसमें इस बात पर गौर किया गया कि इस्पात और एल्युमीनियम पर ट्रंप के प्रस्तावित शुल्क से उनके उद्योगों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। दक्षिण कोरिया ने 2024 में जनवरी से नवंबर के बीच अमेरिका को करीब 4.8 अरब अमेरिकी डॉलर का इस्पात भेजा, जो इस अवधि के दौरान उसके वैश्विक निर्यात का 14 प्रतिशत था। 

ट्रंप ने वित्त मंत्रालय को दिए नए सिक्के नहीं बनाने के निर्देश 
वाशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने एक सेंट के सिक्के के उत्पादन की लागत का हवाला देते हुए वित्त मंत्रालय को नए सिक्के बनाना बंद करने का निर्देश दिया है। ट्रंप ने कहा, लंबे समय से अमेरिका सिक्के बना रहा है जिसकी लागत दो सेंट से अधिक है। यह निरर्थक है। ट्रंप ने रविवार रात को ‘ट्रुथ सोशल’ साइट पर एक पोस्ट में लिखा, मैंने अमेरिकी वित्त मंत्री को नए सिक्के बनाना बंद करने का निर्देश दिया है। ट्रंप का नया प्रशासन लागत में कटौती पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने लिखा, आइए अपने राष्ट्र के बजट की बर्बादी को खत्म करें, भले ही यह एक पेनी ही क्यों न हो। न्यू ऑरलियंस में सुपर बाउल (नेशनल फुटबॉल टीम) के पहले सत्र में भाग लेने के बाद ट्रंप ने यह बात कही। 

ये भी पढे़ं : ICC Champions Trophy : इंग्लैंड को करारा झटका, ऑलराउंडर Jacob Bethell चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button