भारत

थाईलैंड पहुंचे PM मोदी, डॉन मुआंग हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत – Utkal Mail

अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को छठे बिम्सटेक (बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे, जहां उपप्रधानमंत्री सूर्या जुंगरुंगरींगकिट ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। थाईलैंड की अपनी यात्रा के दौरान वह अपनी समकक्ष पैंटोगटार्न शिनावात्रा के साथ वार्ता करेंगे। 

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बैंकॉक, थाईलैंड पहुंच गया हूं। आगामी आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने तथा भारत एवं थाईलैंड के बीच सहयोग के बंधन को मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।’’ यहां के डॉन मुआंग हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर सिख समुदाय के लोगों ने भांगड़ा किया। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘साझा सभ्यतागत संबंध वाले विशेष समुद्री पड़ोसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आधिकारिक यात्रा पर जीवंत सांस्कृतिक शहर बैंकॉक पहुंचे। उपप्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री सूर्या जुंगरुंगरींगकिट ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पैंटोगटार्न शिनावात्रा के साथ प्रधानमंत्री मोदी की व्यापक चर्चा होगी और छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। 

थाईलैंड की यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री श्रीलंका जाएंगे, जो देश में नए राष्ट्रपति के चुनाव के बाद उनकी पहली यात्रा होगी। बृहस्पतिवार शाम को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में थाईलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमा और भूटान के बिम्सटेक नेताओं के साथ समुद्री सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। 

बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और म्यांमा के सैन्य नेता मिन आंग हलिंग सहित अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। भारत से थाईलैंड के लिए प्रस्थान करते समय अपने वक्तव्य में मोदी ने बिम्सटेक को पिछले दशक में बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में क्षेत्रीय विकास, संपर्क और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया था। 

ये भी पढ़े :  थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा पर रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग




utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button