पश्चिम बंगाल: तस्कर ने BSF जवान पर खंजर से किया हमला, छह किलो सोना छोड़कर भागा – Utkal Mail
नादिया। भारत-बांग्लादेश सीमा पर सोमवार को तस्करी का छह किलोग्राम सोना लेकर आए एक व्यक्ति ने भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान द्वारा उसे रोके जाने पर, उस पर चाकू से हमला कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हमले में जवान बच गया, जबकि तस्कर सोना छोड़कर भाग निकला। यह घटना पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती नादिया जिले के विजयपुर में केले और बांस के बगीचे के पास सुबह करीब नौ बजे हुई। सूत्रों ने बताया कि तस्कर अपनी कमर में बंधी बेल्ट में सोने के 22 बिस्कुट और लगभग छह किलोग्राम वजन की आठ छड़ें लेकर जा रहा था।
उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बल के जवान ने उसे रोक लिया लेकिन तस्कर ने सुरक्षाकर्मी पर ‘दाह’ (बड़े चाकू) से हमला कर दिया और भाग गया। उन्होंने बताया कि जवान की वर्दी कंधे के पास फटी हुई थी। बल की 32वीं बटालियन के जवान ने अपनी राइफल से गोली चलाई, लेकिन तस्कर भाग निकला। सूत्रों ने बताया कि पास में ही खेतों पर कार्य कर रहे किसानों को देखते हुए जवान ने और गोलियां नहीं चलाईं। बीएसएफ जब्त किए गए सोने को सीमा शुल्क या राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) अधिकारियों को सौंपेगा।
ये भी पढ़ें- उनका काम दरबारी चारण की तरह…, अखिलेश यादव ने दोनों डिप्टी सीएम को लेकर कसा तंज



