विदेश

Pakistan: पीटीआई के शाह महमूद कुरैशी को बड़ा झटका, अदियाला जेल से रिहाई के बाद फिर हुए गिरफ्तार – Utkal Mail

लाहौर। पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को बुधवार को अदियाला जेल के बाहर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। उच्चतम न्यायालय ने पिछले सप्ताह ही उन्हें सिफर मामले में जमानत प्रदान की थी। डॉन समाचार पत्र की खबर के मुताबिक, टीवी चैनलों पर प्रसारित और सोशल मीडिया पर पीटीआई द्वारा साझा की गई फुटेज में 67 वर्षीय पूर्व विदेश मंत्री पुलिस की कार्रवाई को ‘गैर कानूनी’ करार देते हुए चिल्ला-चिल्लाकर विरोध कर रहे थे। फुटेज में पंजाब पुलिस की वर्दी पहने एक अधिकारी उन्हें बख्तरबंद वाहन में धकियाते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सिफर मामले में जमानत पर रिहाई के बाद कुरैशी को अदियाला जेल के बाहर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। पार्टी ने कहा कि रावलपिंडी के उपायुक्त हसन वकार चीमा द्वारा मंगलवार को कुरैशी की 15 दिन की हिरासत के लिए जारी आदेश वापस ले लिया गया था। पुलिस ने इस मुद्दे पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। पुलिसकर्मियों द्वारा जबरन धकियाते हुए ले जाने के दौरान पीटीआई नेता लगातार यह बात कह रहे थे कि उन्हें गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार किया जा रहा है। 

कुरैशी ने कहा कि पुलिस उच्चतम न्यायालय के आदेश का मजाक बना रही है और क्रूरता व अन्याय अपने चरम पर है। उन्होंने कहा, ”वे झूठे मामले में फिर से मुझे गिरफ्तार कर रहे हैं। मैं राष्ट्र का प्रतिनि‍धित्व करता हूं, मैं बेगुनाह हूं और मुझे बिना किसी कारण राजनीतिक प्रतिशोध के लिए निशाना बनाया जा रहा है।” देश की शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनके करीबी करीबी सहयोगी कुरैशी को सिफर मामले में जमानत दे दी थी और उनसे 10-10 लाख रुपये की जमानत राशि जमा कराने को कहा था। 

ये भी पढ़ें:- South Korea: ऑस्कर विजेता फिल्म ‘पैरासाइट’ के अभिनेता ली सुन क्युन का निधन, कार में मिले मृत…घर पर छोड़ा सुसाइड नोट


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button