भारत

अनुराग ठाकुर ने कहा- कांग्रेस की न्याय यात्रा असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश – Utkal Mail

हमीरपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस की ‘भारत न्याय यात्रा’ असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की चेष्टा भर है। ठाकुर की इस टिप्पणी से महज एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस ने 14 जनवरी से अपने नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत न्याय यात्रा निकालने की घोषणा की थी। इसे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी द्वारा मतदाताओं को रिझाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। 

भोटा में भाजपा के एक कार्यक्रम के बाद ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस जब ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’’ के साथ काम कर रही है तो वह जनता के साथ कौन सा न्याय करेगी। साल 2016 में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में उत्पन्न अशांति के बाद ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग शब्द अस्तित्व में आया था। 

तब से भाजपा कुछ तत्वों को ‘राष्ट्र विरोधी’ होने का आरोप लगाने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल कर रही है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर एक दिवसीय हमीरपुर यात्रा पर थे और उन्होंने भोटा में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव के सिलसिले में एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब वह कश्मीरी पंडितों को न्याय नहीं दे पायी और अब वह जाति एवं संप्रदाय के आधार पर ‘समाज को बांटने’ का प्रयास कर रही है। 

अयोध्या में राममंदिर के उद्घाटन को लेकर कुछ विपक्षी नेताओं को न्योता दिये जाने पर उत्पन्न विवाद पर उन्होंने कहा कि निमंत्रण समिति ने विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है लेकिन वे उसे खारिज कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा चारों लोकसभा सीट जीतेगी क्योंकि लोग नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में स्थिर सरकार चाहते हैं। 

ये भी पढे़ं- ललन सिंह के इस्तीफे की अटकलें खारिज, जदयू कार्यकारिणी की बैठक कल 

 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button