भारत

विपक्षी गठबंधन मुंबई की बैठक में ‘‘भाजपा चले जाओ’’ का देगा नारा, लोगो का होगा अनावरण  – Utkal Mail


मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की इस सप्ताह मुंबई में होने जा रही बैठक में शामिल होंगी। इस बैठक में ”भाजपा चले जाओ” का नारा दिया जाएगा। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस बैठक में विपक्ष के गठबंधन ‘इंडिया’ का ‘लोगो’ भी जारी किया जाएगा। पटोले ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के लिए कई सक्षम उम्मीदवार हैं और दावा किया कि कुछ दल जो वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक हैं, वे भी विपक्षी गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। भाजपा विरोधी गठबंधन के प्रमुख नेता 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई के उपनगर में एक आलीशान होटल में जुटेंगे।

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में 26 दल शामिल हैं। पटना में जून में पहली बार एक साझा मंच पर एकत्र होने के बाद से विपक्षी दलों की यह तीसरी बैठक होगी। पटोले ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुंबई में आयोजित होने वाली बैठक में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और आधा दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री समेत अन्य लोग शामिल होंगे। पटोले ने कहा, ‘‘सोनिया गांधी मुंबई में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल होंगी।’’

उन्होंने कहा कि उस दौरान गठबंधन का आधिकारिक ‘लोगो’ जारी किया जाएगा और विपक्षी दलों के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अपने एजेंडा पर भी चर्चा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने 1942 में मुंबई से अंग्रेजों को ‘चले जाओ’ (भारत छोड़ो) का नारा दिया था। इसी तरह मुंबई में ‘इंडिया’ की बैठक में मोदी सरकार के लिए नारा ‘चले जाओ’…”भाजपा चले जाओ” दिया जाएगा। विपक्षी गठबंधन के लोगो का अनावरण 31 अगस्त को किया जाएगा।’’

टोले ने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के पास प्रधानमंत्री पद के लिए कई सक्षम उम्मीदवार हैं, लेकिन भाजपा के पास शीर्ष पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनके भतीजे और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कुछ राकांपा नेताओं ने राज्य के विकास के लिए नहीं बल्कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की कार्रवाई के डर से भाजपा से हाथ मिलाया है।

गठबंधन की दूसरी बैठक जुलाई में बेंगलुरु में हुई थी, जिसमें इसे ‘इंडिया’ नाम दिया गया था। इसका गठन 2024 के संसदीय चुनावों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए किया गया है। 

ये भी पढ़ें- कांग्रेस नेता राहुल गांधी सितंबर में जाएंगे यूरोप, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button