विदेश

अर्जेंटीना पहुंचे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत – Utkal Mail

ब्यूनस आयर्स/ नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में पोर्ट ऑफ स्पेन से अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंच गये। ब्यूनस आयर्स के एजीजा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उनका भव्य स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी श्री मोदी का स्वागत किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने कथक और अन्य नृत्य शैलियों के साथ सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,“ द्विपक्षीय यात्रा के लिए ब्यूनस आयर्स पहुंचा हूं, जिसका फोकस अर्जेंटीना के साथ संबंधों को बढ़ाने पर होगा। मैं राष्ट्रपति जेवियर माइली से मिलने और उनके साथ विस्तृत बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।” प्रधानमंत्री अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के निमंत्रण पर वहां की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनका शाम को राष्ट्रपति माइली के साथ द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम है। इसमें दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। वह अर्जेन्टीना के शीर्ष नेतृत्व के साथ रक्षा, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा,कृषि,खनन, व्यापार और निवेश जैसे अनेक क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को प्रगाढ बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इससे पहले श्री मोदी ने अर्जेन्टीना रवाना होने पर अपनी त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा को यादगार बताते हुए कहा कि दोनों देशों ने अपनी दोस्ती को नई गति दी है। 

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा ,“धन्यवाद त्रिनिदाद और टोबैगो। यहां बिताए पल कभी नहीं भूले जा सकेंगे। हमने भारत-त्रिनिदाद और टोबैगो की दोस्ती को नई गति दी है।” उन्होंने राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू, प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर और सरकार तथा लोगों को उनकी गर्मजोशी के लिए धन्यवाद दिया। 

यह भी पढ़ेः पांच जुलाई का इतिहास: पाकिस्तान में सेना ने किया तख्ता पलट, जुल्फिकार अली भुट्टो को सत्ता से हटाया




utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button