भारत

गृह मंत्रालय ने बाढ़ प्रभावित 14 राज्यों को जारी किए 5,858.60 करोड़ रुपये – Utkal Mail

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने बाढ़ प्रभावित 14 प्रदेशों को राज्य आपदा मोचन निधि से केंद्रीय हिस्से के रूप में और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि से अग्रिम राशि के रूप में 5,858.60 करोड़ रुपये जारी किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है।

बयान के अनुसार केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र को 1,492 करोड़ रुपये, आंध्र प्रदेश को 1,036 करोड़ रुपये, असम को 716 करोड़ रुपये, बिहार को 655.60 करोड़ रुपये, गुजरात को 600 करोड़ रुपये, तेलंगाना को 416.80 करोड़ रुपये और पश्चिम बंगाल को 468 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। ये राज्य इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान अत्यधिक वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए हैं। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मोदी सरकार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों के लोगों की मुश्किलें कम करने में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

सरकार ने बाढ़ प्रभावित राज्यों असम, मिजोरम, केरल, त्रिपुरा, नगालैंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मणिपुर में नुकसान का मौके पर आकलन के लिए अंतर-मंत्रालयी केन्द्रीय दल भेजे थे। इसके अलावा, बिहार और पश्चिम बंगाल में नुकसान का मौके पर आकलन करने के लिए जल्द ही अंतर-मंत्रालयी केन्द्रीय दल भेजे जाएंगे। ये दोनों राज्य हाल ही में बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसमें कहा गया है कि इस वर्ष 21 राज्यों को 14,958 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि जारी की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें- वांगचुक की हिरासत के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर, तीन अक्टूबर को हो सकती है सुनवाई


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button