भारत

आईआईटी-दिल्ली के उत्सव के दौरान शौचालय में चुपके से वीडियो बनाया, कॉलेज की छात्राएं बोलीं… – Utkal Mail


नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज की करीब 10 छात्राओं ने आरोप लगाया है कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-दिल्ली में एक उत्सव के दौरान फैशन शो के लिए शौचालय में कपड़े बदलते समय गुप्त रूप से उनका वीडियो बनाया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। भारती कॉलेज की एलांट्रे सोसायटी की लड़कियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में आरोप लगाया कि प्रशासन ने सूचना दिए जाने के बाद भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना के संबंध में किशनगढ़ थाने में एक शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में आरोपी 20 वर्षीय सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी अनुबंध पर काम करने वाला कर्मचारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘एक लड़के द्वारा आईआईटी-दिल्ली के महिला शौचालय में वीडियो बनाने के संबंध में सोशल मीडिया ‘एक्स’ के माध्यम से शनिवार को किशनगढ़ थाने को शिकायत प्राप्त हुई।’’

अधिकारी ने बताया कि शनिवार को किशनगढ़ थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 सी (ताक-झांक करना) के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी ने कहा कि मामले में आगे जांच की जा रही है। इस बीच, आईआईटी-दिल्ली ने एक बयान जारी कर कहा है कि मामला तुरंत पुलिस को सौंप दिया गया और संस्थान की ऐसे मामलों के लिए कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है। बयान में कहा, ‘‘छह अक्टूबर को एक दुर्भाग्यपूर्ण और अफसोसजनक घटना में आरोपी को तुरंत दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया जो मामले की जांच कर रही है।

व्यक्ति की पहचान उस एजेंसी के कर्मचारी के रूप में हुई है, जिसे रख-रखाव सेवाएं मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘संस्थान ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता और तत्परता से लिया। संस्थान पुलिस के साथ पूरा सहयोग कर रहा है और ऐसी किसी भी घटना के लिए कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।’’ दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ ने भी घटना की निंदा की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें- Israel Attack: मेघालय के 27 ईसाई यरुशलम में फंसे, CM संगमा ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button