भारत

तेलंगाना सुरंग हादसा: टीबीएम संचालक का शव उसके पैतृक स्थान पंजाब भेजा गया – Utkal Mail

नगरकुरनूल। तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) परियोजना की आंशिक रूप से ध्वस्त सुरंग से मिले गुरप्रीत सिंह के शव को पंजाब में उनके पैतृक स्थान भिजवाया गया है। वहीं, शेष सात लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान सोमवार को भी जारी है।

रॉबिन्स कंपनी में टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) संचालक के रूप में काम करने वाले गुरप्रीत सिंह उन आठ लोगों में शामिल थे जो 22 फरवरी को सुरंग के आंशिक रूप से ढह जाने के बाद उसमें फंस गए थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नगरकुरनूल सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रियाओं के बाद शव को विशेष एम्बुलेंस से ले जाया गया। 

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने उनके परिवार को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि शव को 48 घंटे से अधिक समय तक ‘‘बहुत सावधानी से’’ खुदाई किए जाने और अन्य प्रयासों के बाद बाहर निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि शव करीब 10 फुट की गहराई में गाद के नीचे दबा था। सिंह की पहचान उनके बाएं कान की बाली और दाहिने हाथ पर टैटू के आधार पर की गई। 

अधिकारी ने बताया कि शेष श्रमिकों की तलाश जारी है। गुरप्रीत सिंह के अलावा फंसे हुए अन्य लोगों में मनोज कुमार (उत्तर प्रदेश), सनी सिंह (जम्मू-कश्मीर) और झारखंड के संदीप साहू, जेगता जेस और अनुज साहू समेत अन्य शामिल हैं। एसएलबीसी परियोजना सुरंग में 22 फरवरी को हुए हादसे में इंजीनियर और मजदूरों समेत आठ लोग फंस गए थे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय सेना, नौसेना तथा अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ उन्हें निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।  

यह भी पढ़ें:-MP के सीधी में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से उड़े एसयूवी के परख्च्चे, सात लोगों की मौत, 14 अन्य घायल


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button