भारत

CBI ने ईसीआर में विभागीय परीक्षा से जुड़े गिरोह का किया भंडाफोड़, 26 रेलवे अधिकारी गिरफ्तार  – Utkal Mail

नई दिल्ली। रेलवे के 26 अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को कहा कि उसने पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) में विभागीय परीक्षा से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करके 1.17 करोड़ रुपये नकद जब्त किये हैं। सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे अधिकारियों को मुगलसराय में मुख्य लोको पायलट के पदों पर पदोन्नति से जुड़ी विभागीय परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में सोमवार रात को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा मंगलवार को होनी थी। 

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘मुगलसराय में तीन स्थानों पर (तीन-चार मार्च की मध्य रात्रि) सीबीआई द्वारा की गई जांच के दौरान कुल 17 अभ्यर्थियों के पास हाथ से लिखे प्रश्नपत्रों की छाया प्रति मिली।’’ उन्होंने बताया कि वर्तमान में लोको पायलट के रूप में काम कर रहे सभी 17 विभागीय अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के लिए कथित तौर पर पैसे दिए थे और छापेमारी के दौरान उन्हें प्रतियों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘कुल मिलाकर इस मामले में अब तक 26 रेलवे अधिकारियों (17 अभ्यर्थियों सहित) को गिरफ्तार किया गया है।’’ 

एजेंसी ने विद्युत विभाग के एक वरिष्ठ मंडल अभियंता (संचालन) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है जिसे उक्त परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उसने खुद अंग्रेजी में प्रश्न लिखे थे और कथित तौर पर इसे एक लोको पायलट को दिया था, जिसने इसे हिंदी में अनुवाद किया और आगे एक अन्य अधिकारी को दिया। उक्त अधिकारी ने कथित तौर पर इसे कुछ अन्य रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से उम्मीदवारों को दिया।’’ उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अधिकारियों में विद्युत विभाग का आरोपी वरिष्ठ मंडल अभियंता (संचालन) भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आठ स्थानों पर तलाशी ली गई जिसके परिणामस्वरूप 1.17 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। कथित तौर पर यह राशि प्रश्नपत्र लीक करने के लिए उम्मीदवारों से एकत्र की गई थी। 

ये भी पढ़ें- रायबरेली: अस्पताल में पीठ पर पति को लादकर ले गई पिंकी, डिप्टी सीएम ने मांगी रिपोर्ट 


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button