भारत

लड़ाई से भागने वाले देश का नेतृत्व करना चाहते हैं : राजनाथ का राहुल पर तंज – Utkal Mail

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेठी के बदले रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतरने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा और उन्हें युद्ध के मैदान से भागने वाला व्यक्ति करार दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। वरिष्ठ भाजपा नेता ने यहां एक सार्वजनिक सभा में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके जैसे लोग देश का नेतृत्व करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता चाहते थे कि राहुल अमेठी से चुनाव लड़ें लेकिन उन्होंने भागने का विकल्प चुना। राजनाथ सिंह ने कहा, ”मुझे चिंता है कि इस लड़ाई से भागने के बाद उन्हें कोई अन्य नाम दिया जा सकता है।”

लोकसभा में तीन बार अमेठी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बाद राहुल गांधी 2019 में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी से हार गए थे। हालांकि, उन्होंने केरल के वायनाड सीट से जीत हासिल की थी। सिंह ने पाकिस्तानी नेता चौधरी फवाद हुसैन द्वारा राहुल गांधी की प्रशंसा करने पर भी कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि विगत में फवाद हुसैन ने भारत में आतंकवादी हमलों का समर्थन किया था। भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकी शिविरों को निशाना बनाए जाने के संदर्भ में सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने संदेश दिया है कि वह सीमा के अंदर और बाहर अपने दुश्मनों को निशाना बना सकता है। 

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी चाहते थे कि कांग्रेस को भंग कर दिया जाना चाहिए और उसे राजनीति में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोगों को चुनाव में उनकी इच्छा पूरी करनी चाहिए और मुख्य विपक्षी दल को खत्म कर देना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत देश के रूप में उभरा है जिसकी आवाज सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। हरियाणा की सभी 10 सीट पर 25 मई को छठे चरण में मतदान होगा। पिछले चुनाव में राज्य की सभी सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। पिछले चुनाव (2019) में भाजपा की जीत से पहले, रोहतक लंबे समय से कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ रहा है। 2019 में भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने ‘मोदी लहर’ की मदद से उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा को करीब 7,000 मतों के मामूली अंतर से हराया था। 

ये भी पढ़ें- गांधी परिवार अमेठी से हुआ दूर! 25 वर्षों में पहली बार कोई नहीं लड़ रहा लोकसभा चुनाव


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button