भारत

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिंहा ने भाजपा के कारण बताओ नोटिस का दिया जवाब, जानें क्या कहा?  – Utkal Mail

रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हजारीबाग से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जयंत सिन्हा ने पार्टी से लोकसभा चुनाव में वोट ना करने को लेकर मिले कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए कहा वह इससे हैरान हैं।  सिंहा ने दो पन्नों की चिट्ठी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि वह भाजपा के लिए काम करते रहेंगे । 

वोट नहीं करने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पोस्टल बैलट से मतदान किया था।  सिन्हा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से काफी समय पहले ही मैंने सक्रिय चुनावी दायित्वों में भाग न लेने का फैसला लिया था,जिससे मैं जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर काम कर सकूं।इस फ़ैसले की जानकारी मैंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी दे दी थी।  

सिन्हा ने लिखा कि मुझे किसी भी पार्टी कार्यक्रम,रैली या संगठनात्मक बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। यदि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मुझे कार्यक्रमों में शामिल करना चाहते थे,तो वो निश्चित रूप से मुझे आमंत्रित कर सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।29 अप्रैल 2024 की शाम को मेरे दिल्ली में रहने के दौरान मनीष जायसवाल की ओर से मुझे उनके नामांकन रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। देर से सूचित करने के कारण मेरे लिए एक मई 2024 की सुबह तक हजारीबाग पहुंचना संभव नहीं था। इसलिए दो मई 2024 को हजारीबाग पहुंचकर सीधा मनीष जायसवाल के आवास पर उनसे भेंट करने के लिए पहुंचा। इस दौरान वह वहाँ नहीं थे।मैंने अपना संदेश और शुभकामनाएं उनके परिवार को दी। 

इसके बाद से मनीष जायसवाल से मेरा मिलना या बातचीत नहीं हुई। इसके बाद दिल्ली लौटकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को जानकारी दे कर कुछ ज़रूरी निजी प्रतिबद्धता की वजह से 10 मई 2024 को विदेश चला गया। पार्टी की ओर से मुझे किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रित न किये जाने के कारण मुझे वहां रुकने की कोई खास ज़रूरत दिखाई नहीं पड़ी। जाने से पहले मैंने पोस्टल बैलट प्रक्रिया के माध्यम से अपना वोट दिया था। 

उल्लेखनीय है कि हजारीबाग सीट पर वोटिंग ख़त्म होने के साथ ही भाजपा के झारखंड प्रदेश नेतृत्व ने इस सीट से मौजूदा सांसद जयंत सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। भाजपा ने उसने वोट ना देने का कारण पूछा था। हजारीबाग सीट पर भाजपा ने इस बार जयंत सिन्हा की जगह विधायक मनीष जायसवाल को मैदान में उतारा है और हजारीबाग में मतदान संपन्न हो गया है। ज्ञातव्य है कि जयंत सिंहा पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के पुत्र है। 

ये भी पढ़ें- कर्नाटक सरकार के अनुरोध पर एक्शन में विदेश मंत्रालय, प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट हो सकता है रद्द


utkalmailtv

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button